वाशिंगटन। अमेरिका के न्यू मैक्सिको (New Mexico) में सात हफ्तों तक चले मुकदमे के बाद एक जूरी ने सोशल मीडिया कंपनी मेटा (Meta) को बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य (Mental health) को नुकसान पहुंचाने और बाल यौन शोषण से जुड़े जोखिमों को छिपाने का दोषी ठहराया है। मंगलवार को आए इस फैसले को टेक कंपनियों पर बढ़ती कानूनी सख्ती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
जूरी ने राज्य के अभियोजकों के पक्ष में फैसला सुनाते हुए कहा कि मेटा ने अपने प्लेटफॉर्म्स पर सुरक्षा से ज्यादा मुनाफे को प्राथमिकता दी। जूरी के अनुसार कंपनी ने बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और यौन शोषण के खतरों से जुड़ी जानकारी को भ्रामक तरीके से पेश किया और अनुचित व्यावसायिक तौर-तरीकों का इस्तेमाल किया।
375 मिलियन डॉलर का जुर्माना
फैसले के तहत मेटा पर 375 मिलियन डॉलर यानी करीब 3100 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया। जूरी ने माना कि कंपनी की ओर से हजारों उल्लंघन हुए हैं। हालांकि यह राशि अभियोजन पक्ष की मांग से कम है। कंपनी का बाजार मूल्य करीब 1.5 ट्रिलियन डॉलर बताया गया है और फैसले के बाद उसके शेयरों में लगभग 5 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
फिलहाल मेटा को तुरंत अपने कामकाज में बदलाव करने का निर्देश नहीं दिया गया है। अब एक जज यह तय करेंगे कि क्या कंपनी के प्लेटफॉर्म्स से सार्वजनिक नुकसान हुआ और क्या मेटा को क्षतिपूर्ति करनी होगी। मामले की अगली सुनवाई मई में प्रस्तावित है।
मेटा ने जताई असहमति
कंपनी के प्रवक्ता ने फैसले पर असहमति जताते हुए कहा कि मेटा इसके खिलाफ अपील करेगी। उनका कहना है कि कंपनी अपने प्लेटफॉर्म्स को सुरक्षित बनाने और हानिकारक सामग्री हटाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मेटा के वकीलों ने दलील दी कि कंपनी जोखिमों को सार्वजनिक करती है और हानिकारक कंटेंट हटाने का प्रयास करती है, हालांकि कुछ सामग्री सुरक्षा तंत्र से बच निकलती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved