
भोपाल। मध्यप्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए मंगलवार को अच्छी खबर आई है। राज्य सरकार ने 5डे वर्किंग सिस्टम को जारी रखने का फैसला लिया है। इसके आदेश जारी हो गए हैं। नए आदेश के अनुसार अब नए साल में भी प्रदेश के सभी सरकारी दफ्तरों में 5 दिन का कार्य दिवस रहेगा। मध्यप्रदेश में सोमवार से शुक्रवार तक (5 डे वर्किंग) सरकारी दफ्तरों में काम होगा। शनिवार और रविवार को छुट्टी रहेगी। इससे पहले यह सिस्टम 31 दिसंबर 2022 तक ही लागू रखने के आदेश थे। राज्य शासन ने मंगलवार को नए आदेश जारी करते हुए इसे आगामी आदेश तक यथावत रखने के आदेश दिए हैं। राज्य शासन के सचिव डा. श्रीनिवास शर्मा के हस्ताक्षर से जारी हुए नए आदेश में कहा गया है कि 10 जून 2022 के आदेश में कोविड-19 महामारी की रोकथाम और बचाव के संबंध में प्रदेश के समस्त शासकीय कार्यालयों के कार्यदिवस 5 दिवस निर्धारित किए गए थे। यह आदेश 31 दिसंबर 2022 तक प्रभावशील है। राज्य शासन की ओर से इसी अनुक्रम में यह निर्णय लिया गया है कि प्रदेश के शासकीय कार्यालयों में इस व्यवस्था को आगामी आदेश तक प्रभावशील रखा जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved