बड़ी खबर

देश में पिछले 24 घंटे में आए 53 हजार नए मरीज, 45 हजार से ज्यादा लोगों की मौत

  • भारत दुनिया का तीसरा सबसे प्रभावित देश
  • मृत्यु दर गिरकर 1.99% फीसदी हुई

नई दिल्ली। भारत में कोरोना संक्रमण अब अमेरिका और ब्राजील से भी ज्यादा तेजी से फैल रहा है। देश में कुल संक्रमितों की संख्या साढ़े 22 लाख के पार पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अबतक 22 लाख 68 हजार 675 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 45,257 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 लाख 83 हजार लोग ठीक भी हुए हैं। पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 53 हजार नए मामले सामने आए और 871 मौतें हुईं। ये आंकड़ा दुनिया में सबसे ज्यादा है। अमेरिका और ब्राजील में क्रमश: 48,810 और 21,888 मामले आए हैं। वहीं क्रमश: 537 और 721 मौतें हुई हैं। हालांकि चार दिन बाद भारत में 60 हजार से कम मामले दर्ज किए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में करीब 23 लाख मामले सामने आ चुके हैं। इन मामलों में एक्टिव मरीजों की संख्या 6 लाख 40 हजार है। आंकड़ों के मुताबिक, मृत्यु दर गिरकर 1.99 फीसदी पर आ गई है।
देश में कोरोना वायरस के लिए जांच की क्षमता को बढ़ाते हुए एक दिन में सात लाख से अधिक नमूनों की जांच की गयी है और अब तक कुल 2.50 करोड़ नमूनों की जांच की जा चुकी है। मंत्रालय ने कहा कि एक दिन में जांच की संख्या तेजी से बढ़ रही है और भारत में पिछले कई दिन से रोजाना छह लाख से अधिक नमूनों की जांच की जा रही है।
कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का तीसरा सबसे प्रभावित देश है। अमेरिका, ब्राजील के बाद कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित भारत है, लेकिन अगर प्रति 10 लाख आबादी पर संक्रमित मामलों और मृत्युदर की बात करें तो अन्य देशों की तुलना में भारत की स्थिति बहुत बेहतर है। भारत से अधिक मामले अमेरिका (5,250,456), ब्राजील (3,057,470) में हैं। देश में कोरोना मामले बढ़ने की रफ्तार भी दुनिया में तीसरे नंबर पर बनी हुई है।
आंकड़ों के मुताबिक, देश में सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र में एक लाख से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर तमिलनाडु, तीसरे नंबर पर दिल्ली, चौथे नंबर पर गुजरात और पांचवे नंबर पर पश्चिम बंगाल है। इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का चौथा स्थान है। कोरोना से मौत के मामले में भारत का पांचवा स्थान है।

Share:

Next Post

'सड़क 2' से आलिया, संजय दत्त और आदित्य रॉय कपूर का पोस्टर जारी, आज रिलीज होगा ट्रेलर

Tue Aug 11 , 2020
फिल्म ‘सड़क 2’ लंबे समय से चर्चा में बनी हुई है। यह फिल्म जल्द ही ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज होने वाली है। इस फिल्म से महेश भट्ट लम्बे समय बाद निर्देशन में वापसी कर रहे हैं। फिल्म में आलिया भट्ट, संजय दत्त, पूजा भट्ट और आदित्य रॉय कपूर मुख्य भूमिका में हैं। निर्माताओं ने सोमवार […]