
झाबुआ। मध्य प्रदेश के झाबुआ से पलायन कर रोजगार की तलाश में दादर और नगर हवेली पहुंचे मजदूरों की स्थिति इन दिनों बेहद चिंताजनक हो गई है। गुरुवार को इन मजदूरों का एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया, जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में करीब 70 मजदूर अपने परिवार और छोटे-छोटे बच्चों के साथ एक मकान में फंसे हुए दिखाई दे रहे हैं। मकान चारों ओर से पानी से घिरा हुआ है और लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे खतरा और भी बढ़ गया है।
जानकारी के अनुसार, ये सभी मजदूर कालापीपल क्षेत्र के निवासी हैं, जो कुछ समय पहले रोजगार की तलाश में गए थे। अचानक मौसम बिगड़ने और भारी बारिश के चलते वहां बाढ़ जैसे हालात बन गए। अपनी जान बचाने के लिए मजदूरों ने एक मकान में शरण ली, लेकिन अब वही मकान पानी से घिर गया है और बाहर निकलने के सभी रास्ते बंद हो चुके हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि मजदूरों और उनके परिवारों में भय और दहशत का माहौल है।
इस संकट की घड़ी में मजदूरों ने वीडियो बनाकर स्थानीय प्रशासन और झाबुआ जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन भी हरकत में आ गया है। झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने बताया कि उन्होंने दादरा और नगर हवेली के संबंधित कलेक्टर से चर्चा की है और मजदूरों की सुरक्षित वापसी के लिए समन्वय किया जा रहा है।
वहीं, झाबुआ एसडीएम महेश मंडलोई ने जानकारी दी कि जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क में है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी मजदूरों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर उनके घर वापस लाया जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन से मजदूरों के परिजनों को कुछ राहत मिली है।
झाबुआ एसडीएम महेश मंडलोई ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो हमारे संज्ञान में आया है जिसमें अत्याधिक वर्षा के कारण झाबुआ जिले के मजदूर दादरा-नगर हवेली में बाढ़ के बीच एक मकान में फंसे हैं। हम लगातार वहां के प्रशासन के संपर्क में हैं। हमने वहां फंसे लोगों से भी चर्चा की है, उन्होंने कहां है कि वे सभी सुरक्षित हैं। झाबुआ आने के लिए शुक्रवार को वहां से निकल चुके हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved