
पटना। विधानसभा चुनाव में हार के बाद बिहार के राजद नेतृत्व वाले महागठबंधन में फूट पड़ गई है। कांग्रेस पर राजद बुरी तरह बिफरा हुआ है।
राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने हार का ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस से लोकतंत्र को खतरा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हार का कारण कांग्रेस है। बिहार में चुनाव चल रहा था और राहुल चुनाव प्रचार करने की बजाय शिमला में प्रियंका गांधी के घर पिकनिक मना रहे थे। उन्होंने कहा कि इस तरह से भला पार्टी चलती है।
यहां पर यह उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के अंदर भी इस हार के लिए पार्टी के प्रदेश नेतृत्व को कठघरे में खड़ा किया जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तारिक अनवर समेत कई नेताओं ने टिकट वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। कुछ नेताओं ने तो पार्टी के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल पर हार का ठीकरा फोड़ते हुए कहा कि पैसे लेकर कमजोर लोगों को टिकट दिया गया। कांग्रेस ने बिहार में 70 सीटों पर चुनाव लड़ा मगर उसके खाते में सिर्फ 19 सीटें ही आयीं। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved