
नई दिल्ली। केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल बड़ी अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों के मंच जी-20 में भारत के मुख्य वार्ताकार ‘शेरपा’ होंगे। 20 प्रमुख देशों के नेताओं की शिखरवार्ता 30 और 31 अक्टूबर को इटली में आयोजित है। इटली जी-20 का मौजूदा अध्यक्ष है।
विदेश मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्ष 2014 से जी-20 देशों की शिखरवार्ता में भारत का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। भारत 01 दिसम्बर 2022 से जी-20 की अध्यक्षता ग्रहण करेगा तथा पहली बार वर्ष 2023 में इस मंच की मेजबानी करेगा।
जी-20 की परिपाटी के अनुसार भारत इस वर्ष एक दिसम्बर से 30 नवम्बर 2024 तक मंच के त्रिगुट का हिस्सा रहेगा। परिपाटी के अनुसार वर्तमान, निवर्तमान और आगामी अध्यक्ष त्रिगुट का हिस्सा बनते हैं।
जी-20 देशों की अर्थव्यवस्था दुनिया के कुल सकल उत्पाद में 80 प्रतिशत की हिस्सेदारी रखते हैं। विश्व व्यापार में उनकी हिस्सादारी 75 प्रतिशत है। दुनिया की आबादी का 60 प्रतिशत हिस्सा इन्हीं देशों में है। भारत जी-20 की स्थापना के समय वर्ष 1999 से ही इसका सदस्य है। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved