
भोपाल। शिवराज सरकार के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने राहुल गांधी पर फिर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल न तो राम के रहे हैं और न ही राष्ट्र के। वे और कांग्रेस महान भारत को बदनाम करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ते हैं।
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आज मीडिया से चर्चा में कहा है कि राहुल गांधी ने पहले राम मंदिर पर सवाल उठाया था और अब भारत मां पर सवाल उठा रहे हैं। कांग्रेस भारत को बदनाम करने का कोई भी अवसर नहीं छोड़ती है। इसलिए राहुल गांधी न तो राम के हैं न राष्ट्र के।
वे भले ही अपने आपको हिंदू कहें या ब्राह्मण कहते रहें। यह स्थिति राहुल गांधी की है। गौरतलब है कि नरोत्तम मिश्रा ने दो दिन पहले भी राहुल गांधी पर हमला बोला था और कहा था कि जब तक वे हैं तब तक कांग्रेस खतरे में रहेगी।
पेट्रोल-डीजल पर बोलने का कांग्रेस को हक नहीं
नरोत्तम मिश्रा ने पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम करने को लेकर कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस को कुछ भी कहने का अधिकार नहीं है। अभी तो कीमतें कम की गई हैं, वे भाजपा ने ही किए हैं। पहले कहा जाता था कि जब चुनाव आते हैं तब पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम की जाती हैं लेकिन भाजपा देश के लिए काम करती है।
अभी दूर दूर तक कोई चुनाव नहीं है। मिश्रा ने कहा कि सिलेंडर पर 200 रुपए कम किए हैं और पेट्रोल-डीजल की कीमतें भी कम की हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम करने का वादा किया था लेकिन सरकार बनने पर उस पर अमल नहीं किया। इसलिए कांग्रेस को इस विषय पर बोलने का अधिकार ही नहीं है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved