
जकार्ता। दक्षिण चीन सागर में अक्सर अपनी दादागिरी दिखाने वाला चीन इस बार गच्चा खा गया है। इंडोनेशियाई तटरक्षकों से भिड़ंत के बाद समंदर में जंग की चिन्गारी धधक उठी है। इंडोनेशिया ने दावा किया है कि उसके तटरक्षकों के आगे चीन ज्यादा देर तक नहीं टिक पाया और अपना जहाज लेकर पीछे भाग गया। इंडोनेशिया के दावे के अनुसार उसके गश्ती जहाजों ने दक्षिण चीन सागर के एक विवादित क्षेत्र में चीनी तट रक्षक बलों के एक जहाज को पीछे हटने के लिए मजबूर कर दिया। इंडोनेशियाई अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
इंडोनेशिया की समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने कहा कि चीनी जहाज दो बार ‘एमवी जियो कोरल’ नामक उसके जहाज के पास पहुंचा, जिससे भूकंपीय आंकड़े एकत्रित करने के लिए किए जा रहे सर्वेक्षण में बाधा उत्पन्न हुई। यह सर्वेक्षण सरकारी ऊर्जा कंपनी पीटी पर्टामिना द्वारा दक्षिण चीन सागर के उस हिस्से में किया जा रहा है, जिस पर दोनों देश अपना दावा करते हैं। चीन के लिए ‘नौ-डैश लाइन’ काफी महत्वपूर्ण है, जिसका उपयोग वह दक्षिण चीन सागर के अधिकांश भाग पर अपने दावे को मोटे तौर पर दर्शाने के लिए करता है। चीन की यह ‘नौ-डैश लाइन’ इंडोनेशिया के विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र के एक हिस्से से ‘ओवरलैप’ होती है जो नटूना द्वीप समूह तक फैला है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved