
डेस्क। भारतीय संविधान को अपनाने की 75वीं वर्षगांठ पर चर्चा के दौरान लोकसभा में समाजवादी पार्टी सांसद अखिलेश यादव ने कहा, ‘यह संविधान हमारी ढाल है, हमारी सुरक्षा है, यह हमें समय-समय पर शक्ति प्रदान करता है। संविधान शोषित, उपेक्षित, पीड़ित और वंचितों के अधिकारों का सच्चा संरक्षक है। यह संविधान बहुत बड़ा सहारा है। हमारे जैसे लोगों और देश के कमजोर लोगों के लिए, खासकर PDA के लिए संविधान बचाना जीवन-मरण का सवाल है।’
अखिलेश यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि अल्पसंख्यकों, खासकर मुसलमानों को दूसरे दर्जे का नागरिक बनाने की कोशिशें की जा रही हैं। लोकसभा में ‘भारत के संविधान की 75 साल की गौरवशाली यात्रा’ पर बहस में भाग लेते हुए अखिलेश यादव ने कहा, ‘जब भी हमें मौका मिलेगा, हम जाति जनगणना कराएंगे।’ अखिलेश यादव ने आगे कहा कि जाति सर्वेक्षण से जातियों के बीच की खाई पाटी जा सकेगी। उन्होंने सरकार से गरीबी रेखा से नीचे रहने वालों की प्रति व्यक्ति आय के आंकड़े देने की भी मांग की। इसके साथ ही उन्होंने कथित चीनी अतिक्रमण को लेकर सरकार पर हमला किया और दावा किया कि देश की सीमाएं सिकुड़ रही हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved