
वाशिंगटन। रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा है कि रूस ने पूरे यूक्रेन पर कब्जा नहीं किया यह ‘काफी बड़ी रियायत’ है। हालांकि, ट्रंप के इस विचार का यूक्रेन और यूरोप के अधिकांश देशों ने कड़ा विरोध किया है। विरोध करने वाले देशों का कहना है कि रूस का जमीन पर कब्जा नहीं करना कोई रियायत नहीं है।
इससे पहले बृहस्पतिवार को ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन पर हमले रोकने को कहा था। ट्रंप ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस की ओर से बड़े पैमाने पर किए गए हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, ‘‘मुझे यह पसंद नहीं आया। मैं इससे खुश नहीं हूं।’’ उन्होंने इस घटना को ही लेकर पुतिन की आलोचना भी की है।
गौरतलब है कि, रूस ने यूक्रेन के खिलाफ जंग में आक्रामक तेवर अपना लिए हैं। रूस की ओर से यूक्रेन पर हमले तेज कर दिए गए हैं। हाल ही में रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर मिसाइल और ड्रोन से घातक हमले किए थे। इन हमलों में 9 लोगों की मौत हो गई थी और 70 लोग घायल हुए थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved