
नई दिल्ली। महिला प्रीमियर लीग (Women’s Premiere League 2026 Mega Auction) के लिए मेगा बोली गुरुवार को होगी। इसमें 277 खिलाड़ी शामिल होंगी। पांच फ्रेंचाइजी के पास 50 भारतीय खिलाड़ियों और 23 विदेशी खिलाड़ियों के लिए 73 स्लॉट उपलब्ध हैं। इस मेगा बोली का मुख्य आकर्षण महिला विश्व कप (Women’s World Cup) की विजेता टीम भारत (Team India) की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा हैं, जिन्हें उत्तर प्रदेश ने रिलीज कर दिया था। विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहीं दीप्ति के पास इस बार सबसे महंगी भारतीय खिलाड़ी बनने का मौका है। विश्व कप में उनके प्रदर्शन के बाद कई फ्रेंचाइजी उन्हें टीम में लेना चाहेंगी। हालांकि, यूपी उन्हें वापस लेने के लिए आरटीएम (राइट टू मैच कार्ड) का उपयोग भी कर सकती है। अब तक स्मृति मंधाना (3.4 करोड़) टूर्नामेंट की सबसे महंगी खिलाड़ी हैं जिन्हें 2023 में बंगलूरू ने अपने साथ जोड़ा था। ऑक्शन में गेंदबाज श्री चरणी, क्रांति गौड़ और ओपनर प्रतिका रावल भी बड़ी कमाई कर सकती हैं।
भारतीय खिलाड़ियों की होगी भारी मांग
वनडे विश्व कप जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों की भारी मांग होगी। टूर्नामेंट की प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट दीप्ति शर्मा पर अच्छी बोली लगने की संभावना है। उन्हें विश्व कप फाइनल के तुरंत बाद यूपी वॉरियर्स ने रिलीज कर दिया था। अगर क्रांति और चरणी जैसी युवा खिलाड़ी धनराशि के मामले में दीप्ति की बराबरी कर लें तो किसी को हैरानी नहीं होनी चाहिए। इन दोनों ने विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करके प्रभावित किया था। हरलीन देओल, रेणुका सिंह और स्नेह राणा भी नीलामी का हिस्सा हैं।
इन विदेशी खिलाड़ियों पर नजर
विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने वाली द.अफ्रीकी कप्तान एल. वोलवार्ड्ट, नादिन डीक्लार्क, ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली, मेग लैनिंग, लिचफील्ड, न्यूजीलैंड की अमेलिया केर, इंग्लैंड की एक्लेस्टोन पर बड़ी बोली लगने की उम्मीद है।

©2025 Agnibaan , All Rights Reserved