img-fluid

देवउठनी एकादशी व्रत कथा: पूजा-पाठ से नहीं बल्कि सच्ची श्रद्धा से प्रसन्न होते हैं भगवान, जरूर पढ़ें यह पौराणिक कहानी

November 20, 2026

नई दिल्ली। हिंदू धर्म (Hinduism)में देवउठनी एकादशी (Devutthani Ekadashi)का विशेष धार्मिक महत्व (Special religious significance)माना जाता है। कार्तिक महीने(month of Kartik) के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को मनाया जाने वाला यह पर्व भगवान विष्णु को समर्पित है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन हो जाता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। इस दिन श्रद्धालु भगवान विष्णु की विधि-विधान से पूजा करते हैं और व्रत रखते हैं। मान्यता है कि देवउठनी एकादशी पर व्रत करने के साथ इसकी कथा पढ़ने और सुनने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। इस दिन भगवान विष्णु की कृपा पाने के लिए श्रद्धालुओं को पूरे मन से पूजा-अर्चना करनी चाहिए।

देवउठनी एकादशी की पौराणिक व्रत कथा

पौराणिक कथा के अनुसार प्राचीन समय में एक ऐसा राज्य था जहां राजा से लेकर आम नागरिक तक सभी धर्म और पूजा-पाठ में गहरी आस्था रखते थे। उस राज्य में एकादशी के दिन अन्न खाना पूरी तरह वर्जित था। राज्य का प्रत्येक व्यक्ति इस नियम का पालन करता था। यहां तक कि उस दिन पशु-पक्षियों को भी अनाज नहीं दिया जाता था। राजा ने पूरे राज्य में यह नियम लागू कर रखा था और सभी लोग इसका सम्मान करते थे।

एक दिन दूसरे राज्य से एक व्यक्ति काम की तलाश में वहां पहुंचा। वह राजा के पास गया और रोजगार देने की प्रार्थना की। राजा ने उसकी बात मान ली और उसे नौकरी देने के लिए तैयार हो गया। हालांकि राजा ने उसके सामने राज्य का एक नियम भी रखा। राजा ने बताया कि यहां हर महीने दो बार एकादशी का व्रत रखा जाता है और इस दिन किसी को भी अनाज नहीं दिया जाता। यदि वह इस नियम का पालन कर सकता है तो उसे काम मिल सकता है। उस व्यक्ति ने राजा की शर्त स्वीकार कर ली और वहीं काम करने लगा।

कुछ समय बाद एकादशी का दिन आया। उस दिन व्यक्ति को खाने के लिए केवल फल दिए गए। लेकिन फल खाने के बाद भी उसकी भूख शांत नहीं हुई। वह परेशान होकर राजा के पास पहुंचा और पेट भरने के लिए अनाज देने की विनती करने लगा। राजा ने पहले उसे राज्य के नियम की याद दिलाई लेकिन उसकी परेशानी देखकर आटा दाल और चावल सहित भोजन बनाने की सामग्री दे दी।

वह व्यक्ति सामग्री लेकर नदी किनारे पहुंचा। वहां उसने स्नान किया और भोजन तैयार करने लगा। खाना बन जाने के बाद उसने भगवान विष्णु को याद किया और उनसे भोजन ग्रहण करने की प्रार्थना की। उसकी सच्ची पुकार सुनकर भगवान विष्णु प्रकट हो गए। उन्होंने भक्त के साथ बैठकर भोजन किया और फिर अपने धाम लौट गए।

अगली एकादशी पर उस व्यक्ति ने राजा से पिछली बार की तुलना में दोगुना अनाज मांगा। राजा ने जब इसकी वजह पूछी तो उसने बताया कि पिछली बार भगवान विष्णु स्वयं उसके साथ भोजन करने आए थे। इसलिए इस बार उसे अधिक सामग्री की आवश्यकता होगी। यह सुनकर राजा हैरान रह गया। वह सोचने लगा कि इतने वर्षों से पूजा-पाठ और व्रत करने के बावजूद उसे भगवान के दर्शन नहीं हुए जबकि इस साधारण व्यक्ति को भगवान ने दर्शन दे दिए।

सच्चाई जानने के लिए राजा ने अगली एकादशी पर उस व्यक्ति का पीछा किया। नदी किनारे पहुंचकर उसने देखा कि वह व्यक्ति पहले की तरह भोजन बना रहा है। भोजन तैयार होने के बाद उसने भगवान विष्णु को पुकारा लेकिन काफी देर तक भगवान प्रकट नहीं हुए। व्यक्ति बार-बार प्रार्थना करता रहा। जब उसे कोई जवाब नहीं मिला तो वह दुखी हो गया और भगवान से कहने लगा कि यदि वे भोजन करने नहीं आएंगे तो वह अपने प्राण त्याग देगा। वह नदी में कूदने ही वाला था कि तभी भगवान विष्णु प्रकट हो गए। उन्होंने भक्त को ऐसा करने से रोका और उसकी अटूट श्रद्धा से प्रसन्न होकर उसके साथ भोजन किया। इसके बाद भगवान उसे अपने साथ बैकुंठ धाम ले गए।


  • कथा से मिलती है सच्ची भक्ति की सीख

    यह सब देखकर राजा को समझ आया कि भगवान को प्रसन्न करने के लिए केवल पूजा के नियमों का पालन करना ही पर्याप्त नहीं है। सच्चे मन की श्रद्धा और अटूट विश्वास भी उतना ही जरूरी है। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान बाहरी दिखावे से नहीं बल्कि भक्त के निर्मल मन और सच्चे प्रेम से प्रसन्न होते हैं। यही वजह है कि देवउठनी एकादशी पर व्रत रखने के साथ भगवान विष्णु की इस कथा को पढ़ने और सुनने का विशेष महत्व बताया गया है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved