
नई दिल्ली । बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections) में शर्मनाक हार के बाद कांग्रेस (Congress) पश्चिम बंगाल (West Bengal) में अपनी रणनीति बदल सकती है। पार्टी इस बार वाम मोर्चा के साथ गठबंधन (alliance) के बजाय अकेले चुनाव मैदान में उतर सकती है। क्योंकि, पार्टी को डर है कि पश्चिम बंगाल में गठबंधन से केरल (Kerala) में वाम मोर्चा सरकार के विरोध की धार कमजोर होगी।
पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और वाम मोर्चा ने गठबंधन में पिछले कई विधानसभा और लोकसभा चुनाव लड़े हैं। वर्ष 2016 में कांग्रेस को 44 और वाम मोर्चा को 26 सीट मिली। पर, 2021 में दोनों पार्टियों को एक भी सीट नहीं मिली। वहीं, 2016 में तीन सीट हासिल करने वाली भाजपा 38 फीसदी वोट के साथ 77 सीट पर पहुंच गई।
इस गठबंधन का कांग्रेस को पश्चिम बंगाल के साथ केरल में भी नुकसान उठाना पड़ा। केरल में कांग्रेस की अगुआई वाली यूडीएफ और वाम मोर्चा का एलडीएफ आमने-सामने हैं। दोनों राज्यों में लगभग साथ चुनाव होते हैं, इसलिए एक प्रदेश में गठबंधन और दूसरे सूबे में विरोध की वजह से पार्टी को नुकसान हुआ।
कांग्रेस की तमाम कोशिशों के बावजूद वाम मोर्चा 40 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए वर्ष 2021 में लगातार दूसरी बार सरकार बनाने में सफल रहा। इसलिए, पार्टी इस बार पश्चिम बंगाल में लेफ्ट से दूरी बना रही है। ताकि, केरल चुनाव में उसके विरोध की धार कमजोर न हो। केरल में वर्ष 2016 से एलडीएफ की सरकार है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ना चाहती है। बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार कहते हैं कि पिछले वर्षों के मुकाबले पार्टी संगठन मजबूत हुआ है। ऐसे में हम कुछ सीट जीत सकते हैं। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से भी आग्रह किया है कि हमें अकेले चुनाव लड़ना चाहिए। वाम मोर्चा के साथ नुकसान है।
कांग्रेस ने वर्ष 2021 में वाम मोर्चा और पीरजादा अब्बास सिद्दीकी की इंडियन सेकुलर फ्रंट के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, पर पार्टी कांग्रेस और वाम मोर्चा दोनों को कोई सीट हासिल नहीं हुई थी। इसलिए, तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के धार्मिक ध्रुवीकरण के बीच कांग्रेस को आम आदमी से जुड़े मुद्दों पर चुनाव लड़ना चाहिए। इस बीच, केरल कांग्रेस ने भी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से पश्चिम बंगाल में वाम मोर्चा के साथ गठबंधन नहीं करने का आग्रह किया है। केरल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में प्रदर्शन बेहतर रहा है। इसलिए, उम्मीद है कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव में भी अच्छा प्रदर्शन कर सरकार बनाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved