
नई दिल्ली. प्रतिभूति अपीलीय न्यायाधिकरण (सैट) ने कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी की वजह से पांच अगस्त तक कामकाज निलंबित रखने का फैसला लिया है. इससे पहले सैट ने 17 जुलाई तक देश भर में अपने कार्यालय बंद रखने की घोषणा की थी.
प्रतिभूति अपीलीय न्यायाधिकरण ने अधिसूचना में कहा कि मुंबई-दिल्ली और देश के दूसरे हिस्सों में कोरोना महामारी की मौजूदा परिदृश्य को देखते हुए न्यायाधिकरण प्रत्यक्ष सुनवाई के लिए पांच अगस्त तक बंद रहेगा.
पांच अगस्त तक न्यायाधिकरण वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सुबह साढ़े 11 बजे से शाम साढ़े चार बजे तक सुनवाई करेगा.इसके अलावा रजिस्ट्री कार्यालय प्रशासनिक कार्यों के लिए सीमित कर्मचारियों के साथ सुबह 11 बजे से शाम साढ़े चार बजे तक खुला रहेगा.
सैट ने कहा कि 20 से 24 जुलाई के बीच सुनवाई के लिए तय मामले अब क्रमश: 10,14,15,16 और 17 सितम्बर तक के लिए टाल दिए गए हैं. इस दौरान अति आवश्यक मामलों में संबंधित पक्ष न्यायाधिकरण द्वारा तय की गई मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुसार मामले दर्ज करा सकते हैं. (एजेन्सी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved