
कानपुर। कानपुर (Kanpur) में गरीबों को जाल में फंसाकर उनका धर्म परिवर्तन कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह लोग सिलाई मशीन, ब्यूटी पार्लर, हेयर कटिंग और अन्य कौशल प्रशिक्षण देने के नाम पर लोगों को जोड़ते थे और उन्हें 6-6 हजार रुपए प्रतिमाह देकर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभित करते थे।
कानपुर देहात जिले के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में नवाकांती सोसाइटी के नाम से संचालित एक संस्था वर्षों से गरीब, असहाय और दलित समुदाय के लोगों को योजनाबद्ध तरीके से ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रही थी। इस पूरे मामले की शिकायत राम भरोसे नामक व्यक्ति ने पुलिस से की, जो स्वयं करीब 10 वर्षों तक संस्था से जुड़ा रहा और पहले वह भी धर्म परिवर्तन करा चुका था।
राम भरोसे ने बताया कि शुरुआत में संस्था की ओर से सिलाई मशीन, ब्यूटी पार्लर, हेयर कटिंग और अन्य कौशल प्रशिक्षण देने के नाम पर लोगों को जोड़ा जाता था और हैंडपंप, घरेलू उपकरण, रोजगार के साधन और अन्य सुविधाएं दिलाने का लालच दिया जाता था। जो लोग औरों को जोड़कर लाते थे, उन्हें 6 हजार प्रतिमाह देने का प्रलोभन भी दिया जाता था।
इन लोगों से पहले सामान्य बातचीत होती, फिर बाइबल पढ़वाई जाती, ईसाई प्रार्थनाएं कराई जातीं और धर्म परिवर्तन के लिए कसमें-वादे कराए जाते थे। कुछ बैठकों मेें विदेशी नागरिकों की मौजूदगी दिखाई दी थी। पीड़ित परिवार की माने तो जब उन्होंने इन गतिविधियों पर सवाल उठाए और धर्म परिवर्तन से इनकार किया तो उन्हें दुगने रुपए लौटाने और जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved