
इन्दौर संजीव मालवीय। कार्पोरेट कल्चर अपनाने वाले प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने एक निजी एजेंसी से उपचुनाव की 24 सीटों पर सर्वे करवाया था, जिसमें अधिकांश सीटों पर सर्वे कांग्रेस के पक्ष में आया है। इनमें सांवेर विधानसभा भी है। सभी सीटों की रिपोर्ट मिलने के बाद कुछ सीटों के उम्मीदवार भी तय कर दिए गए हैं, जिनकी चुनाव की तारीख आते ही घोषणा कर दी जाएगी।
पिछली बार भी विधानसभा चुनाव के पहले कमलनाथ ने ये सर्वे करवाया था, जिसमें कांग्रेस के पक्ष में ही रिपोर्ट आई थी और उसी को लेकर कमलनाथ ने मजबूती से चुनाव लड़ा, लेकिन उनकी बदकिस्मती ही रही कि 15 महीने में ही सरकार चली गई और उसके 22 विधायक, जिनमें 6 मंत्री भी शामिल थे, टूटकर भाजपा में शामिल हो गए। हालांकि अब कुल 26 सीटों पर उपचुनाव होना है, लेकिन कमलनाथ ने जिन 24 सीटों पर सर्वे करवाया था, उनमें से अधिकांश सीटें कांग्रेस के पक्ष में नजर आ रही हैं। इनमें सांवेर विधानसभा भी एक है, जहां भाजपा से तुलसी सिलावट तो तय है, वहीं सामने प्रेमचंद गुड्डू हैं। सर्वे की रिपोर्ट दो दिन पहले भोपाल में सार्वजनिक हुई थी। इसमें बताया गया कि दल बदलने से कांग्रेसी तो नाराज हैं ही, वहीं भाजपाई भी नाराज हैं। भाजपा के कई नेता कांग्रेसियों के संगठन में आने को पचा नहीं पा रहे हैं तो पाला बदलने वालों से वे कांग्रेसी नाराज हैं जो बरसों से उनके नेतृत्व में पार्टी का झंडा उठा रहे थे। सूत्रों का कहना है कि जिस तरह से सर्वे करवाया गया, उसमें यह पता नहीं लगने दिया कि ये सर्वे कांग्रेस करवा रही है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved