
नालों के आसपास के हिस्सों में लाइनें चेक करेंगे
इन्दौर। नगर निगम (municipal corporation) की टीमें सांवेर रोड (Sanwer Road) और उसके आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में फैक्ट्रियों (factories) के आसपास की लाइनों को जांचने का अभियान शुरू करने जा रही हैं। कई फैक्ट्रियों के आसपास से सीधे नालों में केमिकलयुक्त पानी बहाए जाने की शिकायतें बड़े पैमाने पर आई हैं। पूर्व में भी निगम ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अफसरों के साथ अभियान चलाकर कई फैक्ट्रियों पर जुर्माना किया था।
भागीरथपुरा में हुए दूषित पानी कांड के बाद से नगर निगम का अमला और अफसर हर शिकायत को गंभीरता से ले रहे हैं और विभिन्न झोनलों से लेकर हेल्प लाइनों पर आ रही शिकायतों का निराकरण किया जा रहा है। इसी के चलते पिछले दिनों झोनल और ऐप पर बड़े पैमाने पर शिकायतें आईं कि सांवेर रोड और भागीरथपुरा से सटे क्षेत्रों में कई फैक्ट्रियों का केमिकलयुक्त पानी सीधे नालों में बहाया जा रहा है, जिसके कारण नालों की स्थिति खतरनाक होती जा रही है। इसके अलावा सांवेर रोड के अलग-अलग सेक्टरों में भी कई जगह फैक्ट्रियों का दूषित पानी नालों में नहीं बहाया जाने को लेकर नगर निगम अधिकारियों ने पूर्व में कई फैक्ट्री संचालकों की बैठक लेकर वहां परिसर में ही ऐसे केमिकलयुक्त पानी के निपटान की व्यवस्था के निर्देश दिए थे। इसी के चलते कई फैक्ट्रियों में छोटे एसटीपी भी बनाए गए थे। पिछले कुछ दिनों से लगातार आ रही शिकायतों के चलते अब नगर निगम का अमला फिर से सांवेर रोड और उसके आसपास के अन्य क्षेत्रों में पहुंचकर छानबीन अभियान चलाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि फैक्ट्रियों का दूषित पानी नालों में तो नहीं बहाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक इसके लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अफसरों से भी चर्चा हुई है और संयुक्त रूप से यह अभियान चलाने की तैयारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved