
मुंबई। रोहित शेट्टी (Rohit Shetty) फायरिंग (firing) मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ी है। अब तक इस मामले में पुलिस (Police) ने कई नई जानकारियां साझा की हैं। इस केस में गिरफ्तार चार आरोपियों की पहचान भी हो चुकी है। सभी को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
आरोपियों की पहचान सामने आई
रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों की पहचान उजागर हो चुकी है। 19 वर्षीय आदित्य ज्ञानेश्वर गायकवाड़, 20 वर्षीय सिद्धार्थ दीपक येनपुरे, 18 वर्षीय समर्थ शिवशरण पोमाजी और 23 वर्षीय स्वप्निल बांदू सकट के नाम से इन आरोपियों की पहचान हुई है। सभ पुणे के रहने वाले हैं। सभी आरोपियों को 5 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों की भूमिका घटना में वाहन उपलब्ध कराने और साजिश रचने से जुड़ी हुई है। रोहित शेट्टी फायरिंग मामले की आगे की जांच अभी जारी है।
बिश्नोई गैंग के कथित सदस्य को वांटेड घोषित किया गया
रविवार को सोशल मीडिया पर बिश्नोई गैंग के कथित सदस्य शुभम लाेनकर ने रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग मामले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। अब इसको वांटेड आरोपी घोषित किया गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
अब तक जांच इस तरह से आगे बढ़ी
रविवार को पुलिस ने रोहित शेट्टी फायरिंग मामले को लेकर दिन भर कई जानकारियां साझा की थी। जानिए, यह जांच किस तरह से आगे बढ़ी है। जांच में क्या-क्या पता चला?
पुलिस के मुताबिक हमलावर बाइक से जुहू इलाके में आया था। रोहित शेट्टी के घर से थोड़ी दूर पर बाइक खड़ी की, इसके बाद पैदल चलकर शेट्टी टावर (रोहित शेट्टी की बिल्डिंग का नाम) तक पहुंचा। इसके बाद घर के बाहर पहुंचकर हमलावर ने फायरिंग की और फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग और रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग में समानताएं नजर आ रही थीं। दोनों केस के मोड ऑपरेंडी एक जैसे नजर आते हैं। इस केस को मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम देख रही है, जांच कर रही है।
हमलावर ने वारदात वाली जगह के नजदीक एक ऑटो ड्राइवर से बात की थी। ऑटो ड्राइवर ने पुलिस को बताया की हमलावर ने उससे पूछा था कि कल्याण चलोगे? तो ड्राइवर ने कहा, ‘कल्याण दूर है, मैं आपको जुहू के नजदीक वाले स्टेशन पर छोड़ सकता हूं।’ पुलिस ने इस ड्राइवर का बयान भी दर्ज किया है।
क्राइम ब्रांच की टीम ने भी वारदात वाली जगह पर पहुंचकर पूछताछ की है। रोहित शेट्टी का बयान भी पुलिस ने दर्ज किया है। वह जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।
एक फोरेंसिक टीम ने भी डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर जाकर फोरेंसिक सैंपल्स कलेक्ट किए।
रविवार को ही पुणे के वारजे और कर्वेनगर इलाके से चार आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है।
अब इन आरोपियों की पहचान भी हो चुकी और इन्हें 5 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है
बिश्नोई गैंग के कथित सदस्य शुभम लाेनकर को भी वांटेड आरोपी घोषित कर दिया गया है। अभी भी इस मामले की जांच जारी है।
रोहित शेट्टी ने भी अपने प्लान कैंसिल किए
निर्देशक रोहित शेट्टी गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस की जांच में पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं। इस मामले में उनके बयान दर्ज हुए हैं। फिलहाल उन्होंने अगले दो दिनों के लिए अपने सभी प्लान रद्द कर दिए हैं। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक रोहित शेट्टी ने अगले दो दिनों के लिए अपने सभी प्लान कैंसिल कर दिए हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने इंडस्ट्री के अपने करीबी दोस्तों से भी गुजारिश की है कि वे अगले 48 घंटे तक उनसे मिलने न आएं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved