फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद (Faridabad) से एक बेहद संवेदनहीन और अमानवीय घटना सामने आई है, जहां सरकारी अस्पताल की कथित लापरवाही (Alleged Negligence) के चलते एक पति को अपनी मृत पत्नी का शव ठेले पर (Wife’s body on a cart) रखकर करीब 12 किलोमीटर दूर घर ले जाना पड़ा।
टीबी से पीड़ित 35 वर्षीय अनुराधा देवी की बादशाह खान सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मौत के बाद अस्पताल प्रशासन ने शव को घर तक पहुंचाने के लिए किसी भी तरह की परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं कराई। मजबूरी में महिला के पति झुनझुन को मोटर से चलने वाले ठेले पर शव रखकर सरूरपुर गांव स्थित अपने घर ले जाना पड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें महिला का नाबालिग बेटा शव को कपड़े से ढकते हुए नजर आ रहा है।
उन्होंने कहा कि पैसों की कमी के कारण परिवार को ठेले का सहारा लेना पड़ा। करीब 10 से 12 किलोमीटर की दूरी तय करते समय झुनझुन खुद ठेला चलाता रहा, जबकि उसका बेटा मां के शव को चादर से ढककर बैठा रहा। अंतिम संस्कार के लिए भी परिवार को पड़ोसियों से पैसे उधार लेने पड़े।
हालांकि अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सरकारी एम्बुलेंस शव परिवहन के लिए उपयोग में नहीं लाई जातीं और इसके लिए रेड क्रॉस के माध्यम से शव वाहन उपलब्ध कराए जाते हैं, जिसके लिए औपचारिक सूचना देना जरूरी होता है। फरीदाबाद रेड क्रॉस के सचिव बिजेंद्र सौरत ने बताया कि शव वाहन सेवा पूरी तरह निःशुल्क है, लेकिन इस मामले में उनके विभाग को कोई जानकारी नहीं दी गई थी।
घटना के बाद बीके अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम भगत के नेतृत्व में वरिष्ठ डॉक्टरों की एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है, जो पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी। दोष पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह दृश्य हरियाणा की स्वास्थ्य व्यवस्था की विफलता को उजागर करता है। ढांडा ने बयान में कहा कि सबसे पीड़ादायक दृश्य वह था, जब 12 वर्षीय बेटा ठेले पर रखी अपनी मां के शव को ढक रहा था। उन्होंने इसे भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की असंवेदनशीलता का प्रतीक बताया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved