
नई दिल्ली ।बॉलीवुड (Bollywood)में अगर किसी स्टार किड (Star Kid)को सबसे ज्यादा तुलना और उम्मीदों के बोझ का सामना करना पड़ा है, तो उनमें अभिषेक बच्चन का नाम सबसे ऊपर आता है। साल 2000 में जे.पी. दत्ता (J.P. Dutta)की फिल्म रिफ्यूजी से डेब्यू करने वाले अभिषेक बच्चन (Abhishek Bachchan)को पहली ही फिल्म से अपने पिता, सदी के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan)से कंपेयर किया जाने लगा था। यह सिलसिला आज भी, 25 साल बाद, किसी न किसी रूप में जारी है। अब 50 साल के हो चुके अभिषेक ने हाल ही में इस दबाव, आलोचनाओं और पिता की तारीफों पर खुलकर बात की है।
ई-टाइम्स को दिए इंटरव्यू में अभिषेक बच्चन ने माना कि लगातार आलोचनाओं और पब्लिक फेलियर का इंसान की मानसिक स्थिति पर गहरा असर पड़ता है। उन्होंने कहा, “जाहिर सी बात है कि आप निराशावादी हो जाते हैं। जब हफ्ते दर हफ्ते आप पब्लिकली अनसक्सेसफुल होते हैं, तो नेगेटिविटी से अप्रभावित रहना बेहद मुश्किल हो जाता है।” अभिषेक ने यह भी स्वीकार किया कि ऐसी परिस्थितियों में खुद को संभालना और आगे बढ़ते रहना किसी चुनौती से कम नहीं होता।
हालांकि, अभिषेक का कहना है कि उन्होंने हमेशा अपना फोकस पॉजिटिव चीजों पर रखने की कोशिश की। उन्होंने कहा, “आपको फिर भी अपना बेस्ट देना पड़ता है, ताकि आप निराशावादी न बनें और अंदर कड़वाहट न पनपे। मेरा ध्यान इस बात पर रहा कि क्या अच्छा हुआ, न कि इस पर कि क्या गलत हुआ।” यह सोच ही उन्हें मुश्किल दौर में आगे बढ़ने की ताकत देती रही।
इंटरव्यू के दौरान अभिषेक ने अपने पैरेंट्स अमिताभ बच्चन और जया बच्चन के सपोर्ट पर भी बात की। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता उनके बॉक्स ऑफिस नंबरों से ज्यादा उनके प्रयासों पर गर्व करते हैं। अभिषेक के शब्दों में, “जब तक मैं अपना बेस्ट देता हूं, तब तक उनका सपोर्ट हमेशा मेरे साथ रहेगा। उन्हें इस बात से फर्क नहीं पड़ता कि फिल्म कितना कमाती है।
अमिताभ बच्चन द्वारा सोशल मीडिया या इंटरव्यूज में बेटे की तारीफ किए जाने पर भी अभिषेक ने एक बेहद मानवीय नजरिया रखा। उन्होंने कहा कि लोग अमिताभ बच्चन को अक्सर ‘लार्जर देन लाइफ’ शख्सियत के तौर पर देखते हैं, लेकिन वह भी एक इंसान हैं। अभिषेक बोले, “किसी न किसी वजह से हम सोचते हैं कि उन्हें इंसान होने की इजाजत नहीं है, लेकिन वह हैं। वह एक पिता और दादा भी हैं और उन्हें भी हर पैरेंट की तरह रिएक्ट करने का पूरा हक है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो अभिषेक बच्चन हाल ही में हाउसफुल 5 और कालीधर लापता में नजर आए थे। जहां हाउसफुल 5 बॉक्स ऑफिस पर हिट रही, वहीं कालीधर लापता को खास रिस्पॉन्स नहीं मिला। अब अभिषेक जल्द ही फिल्म किंग में दिखाई देंगे, जिसमें शाहरुख खान, सुहाना खान और दीपिका पादुकोण लीड रोल में नजर आएंगे। ऐसे में एक बार फिर अभिषेक को लेकर दर्शकों की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved