
डेस्क। रोहतास जिले के सासाराम से समाज सेवा की एक सुखद और प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। प्रसिद्ध भोजपुरी गायक जोड़ी अंकुश–राजा ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए सासाराम सदर प्रखंड के तेतरी गांव में शुक्रवार को 11 गरीब कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया। इस पहल की पूरे जिले में सराहना हो रही है।
गायक राजा के विवाह के अवसर पर आयोजित इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम के पीछे उनके पिता का पुराना संकल्प जुड़ा था। उन्होंने तय किया था कि अपने बेटों की शादी से पहले 11 जरूरतमंद कन्याओं का विवाह कराया जाएगा। चूंकि राजा बड़े पुत्र हैं, इसलिए उनके विवाह से पहले इस संकल्प को विधि-विधान और उत्साह के साथ पूरा किया गया।
यह आयोजन केवल विवाह तक सीमित नहीं रहा। अंकुश–राजा ने सभी कन्याओं को सगी बहनों की तरह विदा किया। विदाई के दौरान सभी 11 नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया गया। गायक जोड़ी ने बताया कि कन्यादान से उन्हें जो आत्मिक संतोष मिला, वह अविस्मरणीय है।
इस अवसर पर भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित कलाकार और गायक खेसारी लाल यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए नवविवाहित जोड़ों को सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं और सभी 11 जोड़ों को एक-एक मोटरसाइकिल उपहार में दी। कार्यक्रम में खेसारी लाल यादव की मौजूदगी से गीत-संगीत की खास महफिल भी सजी। अंकुश–राजा के साथ खेसारी लाल यादव ने भी गीत गाकर लोगों का मनोरंजन किया। आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे और आयोजन को उत्सव के रूप में मनाया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved