
नई दिल्ली। रविवार, 1 मार्च के साथ ही कई नियमों में बदलाव लागू हो जाएंगे। नियमों में होने जा रहे इन बदलावों का सीधा असर आम आदमी पर पड़ेगा। जी हां, 1 मार्च से ऑनलाइन टिकट बुकिंग, यूपीआई, सिम बाइंडिंग, एलपीजी, सीएनजी, पीएनजी से जुड़े अहम नियम बदलने जा रहे हैं। आइए, 1 मार्च से लागू होने वाले नए बदलावों के बारे में जानते हैं।
रविवार, 1 मार्च से ऑनलाइन जनरल क्लास और प्लेटफॉर्म टिकट बुक करने का नियम बदलने जा रहा है। रेल यात्री अब भारतीय रेल के यूटीएस ऐप से न तो जनरल क्लास की टिकट बुक कर पाएंगे और न ही प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर पाएंगे। अब सिर्फ RailOne मोबाइल ऐप से ही ऑनलाइन जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट बुक किया जा सकेगा।
यूपीआई से होने वाले ट्रांजैक्शन को सुरक्षित बनाने के लिए सरकार 1 मार्च से नया नियम लागू करने जा रही है। नए नियमों के तहत अब बड़े ट्रांजैक्शन के लिए सिर्फ UPI PIN से काम नहीं चलेगा। 1 मार्च से यूपीआई के जरिए बड़ा अमाउंट ट्रांसफर करने के लिए UPI PIN के साथ-साथ बायोमेट्रिक्स या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन की जरूरत होगी।
साइबर फ्रॉड या डिजिटल फ्रॉड पर लगाम कसने के लिए सरकार 1 मार्च से सिम बाइंडिंग का नया नियम लागू करने जा रही है। नए नियमों के तहत, वॉट्सऐप, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे मैसेजिंग ऐप अब सीधे आपके सिम कार्ड के साथ लिंक होंगे। अगर आप अपने मोबाइल फोन से सिम निकाल देते हैं तो ये मैसेजिंग ऐप तत्काल प्रभाव से काम करना बंद कर देंगे। मोबाइल से सिम निकालने के बाद किसी भी तरह का वाई-फाई नेटवर्क या हॉटस्पॉट से ये ऐप नहीं चलेंगे।
ऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी, सीएनजी, पीएनजी, एटीएफ के दामों में जरूरत के आधार पर कटौती या बढ़ोतरी करती हैं। लिहाजा, 1 मार्च को भी इन ईंधन की कीमतों में बदलाव किए जा सकते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved