
जबलपुर। जिला प्रशासन जबलपुर एवं कृषि विभाग के संयुक्त प्रयासों से कृषि उपज मंडी जबलपुर में प्रत्येक रविवार को आयोजित किए जा रहे जैविक हाट में लगातार खरीदारों की संख्या में वृद्धि हो रही है। जैविक खेती को प्रोत्साहित करने तथा किसानों और उपभोक्ताओं के मध्य प्रत्यक्ष संपर्क स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित इस हाट को नागरिकों का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
इस रविवार को आयोजित जैविक हाट में जिले के विभिन्न विकासखण्डों से आये लगभग 23 जैविक कृषकों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया। हाट में फल, सब्जियां, अनाज, दलहन, देशी घी, दुग्ध उत्पाद, शहद सहित विभिन्न रसायन मुक्त एवं प्राकृतिक उत्पाद उपलब्ध रहे, जिन्हें उपभोक्ताओं द्वारा विशेष रूप से सराहा गया। उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम ने जैविक हाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं किसानों को जैविक उत्पादन और विपणन को बढ़ावा देने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। अनुविभागीय कृषि अधिकारी सिहोरा श्रीमती मनीषा पटेल के नेतृत्व में विकासखण्ड मझौली के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी आरएल मिश्रा एवं कृषि अधिकारियों, ऋचा सिंह, रूपाली पटेल, जया पालीवाल एवं रिचा तिवारी द्वारा जैविक हाट के सफल संचालन की जिम्मेदारी का प्रभावी निर्वहन कियागया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved