
जबलपुर। संस्कारधानी में में स्वास्थ्य संतुलन और मानसिक शांति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निरामय कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम फेडरेशन ऑफ मध्य प्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और डायवेल कोर फाउंडेशन के साझा प्रयासों से संपन्न हुआ। कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और उससे निपटने के व्यावहारिक तरीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम की शुरुआत में फेडरेशन के उपाध्यक्ष हिमांशु खरे ने कहा कि आज के दौर में उपलब्धियां तो बढ़ रही हैं लेकिन आंतरिक शांति कम होती जा रही है, इसलिए स्वयं के स्वास्थ्य पर ध्यान देना अनिवार्य हो गया है।
शारीरिक मजबूती और संतुलित खानपान
डॉक्टर परिमल स्वामी ने प्रतिभागियों को कम समय में फिट रहने के सूत्रों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर मांसपेशियों की ताकत पर ध्यान दिया जाए तो भविष्य में होने वाली कई बीमारियों के खतरे को टाला जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि अनुवांशिक बीमारियों के प्रभाव को भी एक आदर्श जीवनचर्या के माध्यम से कम किया जा सकता है। आहार के विषय में चर्चा करते हुए उन्होंने शरीर के लिए जरूरी प्रोटीन, फैट और कार्बोहाइड्रेट की सही मात्रा के महत्व को समझाया।
मानसिक दृढ़ता की अहमियत
मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने मानसिक शक्ति को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि चिकित्सक की सलाह मानने के साथ-साथ व्यक्ति को हर परिस्थिति में मानसिक रूप से मजबूत रहना चाहिए क्योंकि मन की जीत ही जीवन की वास्तविक जीत है। कार्यक्रम के दौरान निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में लोगों के शुगर और मांसपेशियों की शक्ति की जांच की गई। इस अवसर पर व्यापारिक जगत के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे और विभिन्न स्टालों के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां प्राप्त कीं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved