
डेस्क। ICC की ताजा T20I रैंकिंग में रोमांच चरम पर है। T20I बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 पर काबिज भारतीय स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की बादशाहत पर खतरा मंडराने लगा है। T20 वर्ल्ड कप 2026 में खराब फॉर्म के चलते अभिषेक शर्मा की नंबर-1 कुर्सी पर अब पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज ने निगाहें गड़ा दी हैं। दरअसल, पाकिस्तान के धाकड़ ओपनर साहिबजादा फरहाम ने ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में दमदार प्रदर्शन करते हुए ताजा ICC T20I बल्लेबाजों की रैंकिंग में छलांग लगाई है।
फरहान ने टूर्नामेंट में 383 रन बनाए और पल्लेकेले में श्रीलंका के खिलाफ शानदार शतक जड़ा। वे इस T20 वर्ल्ड कप में दो शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने। इसी प्रदर्शन के दम पर वे ICC रैंकिंग में एक पायदान ऊपर चढ़कर दूसरे नंबर पर पहुंच गए और उन्होंने इंग्लैंड के फिल सॉल्ट को पीछे छोड़ दिया है। फिलहाल अभिषेक शर्मा 26 रेटिंग पॉइंट की बढ़त के साथ नंबर-1 पर कायम हैं, लेकिन फरहान अब तेजी से उनके करीब पहुंच चुके हैं। अभिषेक शर्मा की रेटिंग 874 है जबकि फरहान की रेटिंग 848 हो गई है।
सुपर-8 स्टेज की समाप्ति के बाद कई बल्लेबाजों की रैंकिंग में बदलाव हुआ है। इनमें भारत के ईशान किशन और तिलक वर्मा भी शामिल हैं। किशन को एक स्थान का फायदा हुआ है और अब वह चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि तिलक वर्मा ने 7वें से छठे स्थान पर छलांग लगाई है। हालांकि, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव एक स्थान के नुकसान के बाद 7वें स्थान पर खिसक गए हैं। जोस बटलर भी एक पायदान के नुकसान के बाद 9वें स्थान पर चले गए हैं। वहीं, साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस एक स्थान की छलांग लगाकर आठवें नंबर पर आ गए हैं। जिम्बाब्वे के विस्फोटक बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने 6 स्थान की छलांग लगाई है और 11वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved