
नई दिल्ली. अहमदाबाद में आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) का फाइनल मैच (final match) आज यानी रविवार को खेला जाना है. इस महामुकाबले को लेकर लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है. भारत (India) और न्यूजीलैंड (New Zealand) के बीच होने वाले इस बड़े मुकाबले ने शहर के पर्यटन कारोबार (tourism business) को जबरदस्त बढ़ावा दे दिया है.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले फाइनल के कारण होटल से लेकर हवाई यात्रा तक सब कुछ महंगा हो गया है. शहर में कमरों की कीमतों में 300 से 400 प्रतिशत तक उछाल आ गया है.
होटल के दाम आसमान पर
गुजरात के अहमदाबाद और आसपास के इलाकों में फाइनल के कारण होटल की मांग अचानक बहुत बढ़ गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जो कमरे पहले 5 हजार से 20 हजार रुपये में मिल जाते थे, अब उनकी कीमत 15 हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक पहुंच गई है.
अहमदाबाद में लगभग 10 हजार होटल कमरे हैं. उम्मीद है कि फाइनल के दिन शहर के ज्यादातर होटल लगभग 80 प्रतिशत तक भर जाएंगे. इतनी ज्यादा भीड़ के कारण कई क्रिकेट प्रशंसक अहमदाबाद के बजाय पास के गांधीनगर में ठहरना पसंद कर रहे हैं और मैच के दिन वहां से सीधे स्टेडियम पहुंच रहे हैं.
सड़क से भी पहुंच रहे हैं फैंस
मुंबई से आने वाले कई प्रशंसक एक दिन के लिए ही अहमदाबाद पहुंचने की योजना बना रहे हैं. कई लोग सुबह कार से निकलेंगे और शाम तक अहमदाबाद पहुंचेंगे.
हवाई किराया भी कई गुना बढ़ा
फाइनल के कारण हवाई यात्रा के दाम भी तेजी से बढ़ गए हैं. मुंबई से अहमदाबाद की उड़ान, जो आम तौर पर 3 से 4 हजार रुपये में मिल जाती थी, अब 15 से 17 हजार रुपये तक पहुंच गई है. दिल्ली से अहमदाबाद का किराया करीब 14 हजार रुपये हो गया है. बेंगलुरु से अहमदाबाद जाने के लिए लगभग 13 हजार रुपये देने पड़ रहे हैं. क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ को देखते हुए दिल्ली से अहमदाबाद के लिए विशेष ट्रेन भी चलाई है.
फाइनल का शहर पर बड़ा असर
टी20 वर्ल्ड कप फाइनल की वजह से अहमदाबाद में होटल, यात्रा और पर्यटन से जुड़े कारोबार को बड़ा फायदा मिल रहा है. शहर में हर तरफ क्रिकेट का माहौल है और हजारों प्रशंसक इस ऐतिहासिक मुकाबले को देखने के लिए पहुंच रहे हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved