
नई दिल्ली। ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जल्द बड़ी खुशखबरी आने वाली है। देश में पहली बार ऐसी ट्रेन चलने की तैयारी है जो न डीजल से चलेगी और न बिजली से, बल्कि हाइड्रोजन तकनीक यानी पानी से बनने वाली ऊर्जा से दौड़ेगी। रेल मंत्रालय के अनुसार, पहली हाइड्रोजन ट्रेन को अप्रैल में ट्रैक पर उतारने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
रेल मंत्रालय से जुड़े सूत्रों का कहना है,पहली हाइड्रोजन ट्रेन अगले महीने अप्रैल में ट्रैक पर दौड़ सकती है। हालांकि इसकी सटीक तारीख अभी तय नहीं की गई है, लेकिन इसे शुरू करने की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। संभावना है कि स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किया जाए। यह ट्रेन सबसे पहले हरियाणा में चलाई जाएगी।
इस ट्रेन का रूट हरियाणा में जींद से पानीपत के बीच होगा। यह ट्रेन करीब 90 किलोमीटर की दूरी तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचेगी। एक चक्कर पूरा करने के लिए इंजन में लगभग 360 किलोग्राम हाइड्रोजन भरी जाएगी। चेन्नई स्थित आईसीएफ में जुलाई 2025 में इसका सफल परीक्षण भी किया जा चुका है।
रेल मंत्रालय के मुताबिक हाइड्रोजन फ्यूल सेल और उससे जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर का काम पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर किया जा रहा है। इसका ट्रायल सफल रहा है और फ्यूल सेल के डिजाइन के साथ हाइड्रोजन प्लांट को भी मंजूरी मिल चुकी है। सुरक्षा के लिहाज से भी हाइड्रोजन सिस्टम को वैश्विक एजेंसियों से मंजूरी प्राप्त हो चुकी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved