
नई दिल्ली। ऑस्कर 2026 के ‘In Memoriam’ सेगमेंट में हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता Dharmendra को श्रद्धांजलि न दिए जाने ने विवाद खड़ा कर दिया है। लॉस एंजिल्स में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान धर्मेंद्र समेत कई अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के नाम टीवी पर नहीं दिखाए गए, जिससे फैंस और बॉलीवुड सितारों में नाराजगी उभर गई।
इस मामले पर शो के एग्जीक्यूटिव Rob Mills ने सफाई दी और बताया कि आखिरकार यह निर्णय ‘एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज’ (AMPAS) करती है कि कौन से कलाकारों को मरणोपरांत श्रद्धांजलि दी जाएगी। उन्होंने कहा, हम हर साल बहुत सारी महान हस्तियों को खो रहे हैं, इसलिए दुर्भाग्यवश कुछ नाम छूट जाते हैं।
रॉब मिल्स ने साथ ही ऑस्कर के इस सेगमेंट की तारीफ भी की और कहा कि “कल रात का इन मेमोरियम शायद ऑस्कर के इतिहास का सबसे बेहतरीन था।”
हालांकि भारतीय सिनेमा की Hema Malini ने धर्मेंद्र का नाम मुख्य क्लिप में न होने पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे ‘शर्मनाक’ बताया और कहा कि धर्मेंद्र ने दुनिया के कई हिस्सों में लाखों दिलों में जगह बनाई है। उनका कहना था, “उन्हें ज्यादा अवॉर्ड्स नहीं मिले तो ऑस्कर की परवाह क्यों होगी? हम दोनों ही अपने देश में मिले प्यार से खुश हैं।”
सिर्फ धर्मेंद्र ही नहीं, इस साल एरिक डेन, ब्रिजिट बार्डोट और जेम्स वान डेर बीक जैसे बड़े नाम भी टीवी स्क्रीन पर नहीं दिखाए गए। इन्हें केवल ऑस्कर की आधिकारिक वेबसाइट पर 300 अन्य नामों के साथ लिस्ट किया गया।इस तरह, ऑस्कर का ‘In Memoriam’ हर साल विवादों में रहता है, लेकिन इस बार भारतीय दर्शकों की नाराजगी ने इसे ग्लोबल मुद्दा बना दिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved