
उज्जैन। बडऩगर रोड मोहनपुरा स्थित माँ अन्नपूर्णा धाम में शनिवार को माँ अन्नपूर्णा हलवाई संघ का होली मिलन समारोह रखा गया जिसमें हलवाईयों ने निर्णय लिया कि रात 11 बजे बाद शादी में काम नहीं करेंगे और शादी का बचा भोजन गौशाला पहुँचाया जाएगा। इस अवसर पर हलवाई व्यवसाय से जुड़ी प्रमुख समस्याओं पर चर्चा की गई।
समारोह प्रदेश महामंत्री कृष्ण वल्लभ भागवत और प्रदेश सचिव अशोक सिंह गहलोत की मौजूदगी में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, होटल एवं रिसोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि सोलंकी, अध्यक्ष सतीश लश्करी थे। महामंत्री भागवत ने बताया कि मध्यप्रदेश हलवाई संघ ने निर्णय लिया है कि अब वैवाहिक सहित अन्य कार्यक्रमों में रात 11 बजे के बाद कार्य नहीं किया जाएगा और न ही गरम भोजन परोसा जाएगा। इस निर्णय पर सभी सदस्यों ने अपनी सहमति दी। वर्तमान में लेबर की कमी, अत्यधिक कार्य समय और अन्य समस्याओं के चलते यह निर्णय आवश्यक हो गया था। इसके साथ ही बचे हुए भोजन को नगर निगम द्वारा संचालित गौशालाओं में भेजने का भी निर्णय लिया गया। इस नेक कार्य के लिए विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने संघ को एक वाहन उपलब्ध कराने की घोषणा की है। समारोह में संघ के संरक्षक भंवरसिंह जादौन, जगदीश चौरषिया, भेरू दादा, रामजी भागवत, पन्नालाल शर्मा, देवीलाल शर्मा, मुकेश खण्डेलवाल, उदय सिंह कुशवाह, सह संयोजक ओम शर्मा, पवन जैन, कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण भागवत, उपाध्यक्ष कैलाश बरेडिया, हुकमचंद मीणा, प्रकाश राजवानी, नरेश गौमे, प्रदीप बरेडिय़ा, दिनेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं व्यवसायी उपस्थित थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved