
सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां पति-पत्नी ने शादी के जोड़े में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. दोनों के शव घर में पंखे से फांसी के फंदे पर लटके मिले. बुधवार देर रात परिजनों ने शव लटका देख पुलिस को सूचना दी. अभी कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. घटना रहली थाना क्षेत्र के चांदपुर के मुठिया टोला की है.
रहली थाना पुलिस ने शवों का पंचनामा बनाकर रहली स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है. मृतकों की पहचान 22 वर्षीय राजेंद्र उर्फ गोलू (पिता गणेश पटेल) और 21 वर्षीय काजल पटेल के रूप में हुई है. जब गांववालो को इसकी भनक लगी तो सभी घटनास्थल पर पहुंचे. वहां का नजारा देखकर सबकी रूह कांप गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवो को फंदे से उतारा.
राजेंद्र के परिजनों ने बताया कि राजेंद्र और काजल ने करीब 3 साल पहले प्रेम विवाह किया था. दोनों हंसी-खुशी से रहते थे. काजल सागर के छपरा ग्राम की थी. राजेंद्र की मां का निधन हो चुका है. घर में पति-पत्नी के अलावा पिता और छोटा भाई हैं. राजेंद्र मजदूरी करता था. उसके पास कुछ खेती की जमीन भी थी. परिजनों के मानें तो राजेंद्र और काजल के बीच कोई विवाद या तनाव नहीं था. उन्होंने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, अभी कुछ पता नहीं है. इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है.
राजेंद्र और काजल द्वारा शादी जोड़े में आत्महत्या जैसा कदम उठाना चर्चा का विषय बन गया है. तीन साल पहले लव मैरिज के वक्त इस जोड़े ने इन्हीं कपड़ों को पहना था. पत्नी काजल ने शादी का जोड़ा के रूप में साड़ी पहन रखी थी. वहीं राजेंद्र ने शादी वाला सूट पहना हुआ था. अब सवाल उठ रहे हैं कि दोनों ने आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया और शादी के कपड़ों को आत्महत्या के लिए क्यों चुना? यह सवाल इलाके में बड़ी चर्चा का विषय बना हुआ है.
रहली थाना प्रभारी सुनील शर्मा के मुताबिक दंपती का मकान खेत में बना हुआ है. वे घर के एक हिस्से में अलग रहते थे, जबकि दूसरे हिस्से में पिता और छोटा भाई रहते हैं. रात में खाना खाने के बाद पति-पत्नी अपने कमरे में चले गए थे. जब काफी देर तक बाहर नहीं आए तो पिता ने जाकर देखा. कमरे का गेट अटका हुआ था, उसकी कुंडी खुली हुई थी. पुलिस अंतिम संस्कार के बाद मायके और ससुराल पक्ष के बयान दर्ज करेगी.
बताया जा रहा है कि शादी के करीब तीन साल तक राजेंद्र काजल की कोई संतान नहीं थी, लेकिन मरने से पहले वो गर्भवती थी. काजल के गर्भवती होने की पुष्टि पोस्टमॉर्टम करने वाली रहली अस्पताल की डॉक्टर अनामिका विश्वास ने की है. डॉक्टर अनामिका के अनुसार काजल डेढ़ महीने की प्रेग्नेंट थी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved