
अशोकनगर। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) की जनसुनवाई (Public Hearing) के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जब एक फरार आरोपी (Accused) अपनी शिकायत लेकर सीधे उनके सामने पहुंच गया। यह घटना कचनार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान हुई, जहां आम लोगों की समस्याएं सुनी जा रही थीं।
बताया गया कि युवक किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर जारी टोकन लेकर मंत्री तक पहुंचा। शुरुआत में उसे सामान्य आवेदक मानते हुए सिंधिया ने उसका आवेदन स्वीकार किया और कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया। हालांकि, आश्वासन मिलने के बाद भी युवक वहां से नहीं हटा और उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने लगीं।
यहीं से मामला पलटा। सिंधिया को शक हुआ तो उन्होंने तुरंत टोकन और आवेदन की जांच के निर्देश दिए। जांच में सामने आया कि टोकन और आवेदन दोनों ही अलग-अलग नामों पर थे। जब अधिकारियों ने और गहराई से जांच की, तो पता चला कि युवक पहले से ही एक आपराधिक मामले में FIR दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा है।
इस खुलासे के बाद सिंधिया ने सख्त रुख अपनाते हुए मौके पर मौजूद एसपी को निर्देश दिया कि आरोपी के खिलाफ एक और FIR दर्ज की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दूसरे के नाम पर टोकन और आवेदन का इस्तेमाल करना धोखाधड़ी है और इस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इस घटना ने जनसुनवाई जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में सुरक्षा और जांच व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved