
जबलपुर। नगर निगम के खिलाफ कांग्रेस पार्षदों, नेताओं व कार्यकतार्ओं ने जमकर प्रदर्शन व नारेबाजी की। नेताओं ने टैक्स वृद्धि के विरोध व चौपट सफाई व्यवस्था को लेकर आक्रोश जताते हुए नगर निगम कार्यालय में ताला तक जड़ दिया। इस मौके पर कांग्रेस पार्षदों व नेताओं ने नगर निगम पर आरोप लगाते हुए कहा कि सफाई के नाम पर जनता से तीन गुना टैक्स वसूल रहा है। यहां तक कि हर वर्ष संपत्ति कर में भी वृद्धि की जा रही है। शहर की सफाई व्यवस्था इतनी बदहाल है कि क्षेत्रों में महीनों से कचरा तक नहीं उठाया गया है। पार्षदों ने महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू को भी निशाना बनाते हुए कहा कि उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं। पार्षदों ने नगर निगम में ठेकों और कर्मचारियों के वेतन में भ्रष्टाचार होने का भी आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निगम की प्रतिष्ठित लाल बिल्डिंग अब भ्रष्टाचार का केंद्र बन गई है। उनका कहना था कि ठेकेदारों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मिलीभगत से संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है। जिसका लाभ आम जनता को नहीं मिल रहा। कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और कथित भ्रष्टाचार पर कार्रवाई नहीं हुई तो उनका आंदोलन और उग्र होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved