
जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में देश के प्रख्यात कृषि वैज्ञानिकों के साथ सीधा संवाद किया, जिसका मुख्य उद्देश्य कृषि को एक लाभकारी व्यवसाय के रूप में स्थापित करना और खेत से कारखानों तक उत्पादों की पहुंच सुगम बनाना है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कृषि विकास दर को गति देने के लिए क्षेत्रीय अनुकूलता के आधार पर गतिविधियों को सुनिश्चित करने और आधुनिक तकनीकों को किसानों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिये।
संवाद के दौरान कृषि और कृषि संबद्ध क्षेत्र के विशेषज्ञों ने अनुसंधान और नवाचारों पर सारगर्भित चर्चा की, जिसमें कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली फसल वैरायटी, प्राकृतिक खेती, खरपतवार नियंत्रण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कृषि में उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया। वैज्ञानिकों ने पशुधन और पशुचारे के प्रबंधन के माध्यम से किसानों की अतिरिक्त आमदनी बढ़ाने के वैज्ञानिक तरीकों पर भी अपने विचार साझा किए। कृषि संवाद कार्यक्रम में मंत्री राकेश सिंह, मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के सचिव निशांत बरबड़े, कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और जेएनकेविवि कुलपति प्रोफेसर प्रमोद कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कृषि वैज्ञानिक उपस्थित रहे।