
जबलपुर। मध्यप्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय जबलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों से लेकर पश्चिम बंगाल के आगामी चुनाव तक कई विषयों पर खुलकर बात की। देर रात वे इंदौर के लिए रवाना हो गए। इजराइल-ईरान-अमेरिका के बीच चल रहे तनाव पर टिप्पणी करते हुए विजयवर्गीय ने अमेरिका की भूमिका पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह विवाद ईरान और इजराइल के बीच है, लेकिन अमेरिका इसमें बिल्ली की भूमिका निभा रहा है।
विदेश नीति की तारीफ
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत की स्थिति ऐसी है कि ईरान और इजराइलकृदोनों ही भारत को अपना मित्र मानते हैं।उन्होंने कहा कि यह सफल कूटनीति का उदाहरण है कि वैश्विक तनाव के बीच भी भारत दोनों देशों के साथ संतुलित संबंध बनाए हुए है।
बंगाल चुनाव को लेकर दावा
मीडिया से बातचीत में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पश्चिम बंगाल के आगामी चुनावों पर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा न केवल चुनाव जीतेगी, बल्कि राज्य में सरकार भी बनाएगी।
‘वफादारी’ पर बयान
बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा कि देश में कुछ लोग ऐसे हैं जो यहां रहते हैं, लेकिन देश के प्रति वफादारी नहीं रखते। उन्होंने सभी से अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील करते हुए कहा कि समय के साथ ऐसे लोगों में भी समझ आएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved