
बड़नगर. मध्यप्रदेश (MP) में बड़नगर (Badnagar) के झलारियां गांव में गुरूवार को एक गंभीर हादसा हो गया. यहां तीन साल का एक मासूम बच्चा (Innocent child) खेत के बोरिंग (borewell) में गिर गया. घटना की जानकारी लगते ही बड़नगर और उज्जैन (Ujjain) से रेस्क्यू टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया. अभी खबर लिखे जाने तक बच्चा बोरवेल में फंसा हुआ है और रेस्क्यू टीमें उसे बचाने के प्रयास में जुटी हैं. बच्चे के बोरवेल में गिरने की सूचना पाकर उज्जैन के कलेक्टर व एसपी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली.
भेड़ ने गिरा दिया बोरवेल पर रखा पत्थर
घटना देर रात करीब 08 बजे की बताई जा रही है. राजस्थान के पाली से भेड़ लेकर कुछ लोग बड़नगर के झलारिया गांव में आए हुए हैं. डेरे के साथ तीन साल का मासूम भागीरथ भी था. गुरूवार को डेरे के लोग झलारिया के एक खेत में रूके थे, मासूम भागीरथ भी उनके साथ ही था. बच्चे के परिजन ने बताया कि बोरवेल पर एक पत्थर रखा था, जिसे भेड़ ने गिरा दिया था. इसी बीच बच्चा भी वहां पहुंच गया और बोरवेल पर लगे ढक्कन को उसने हाथ से हटाया.
इसके बाद बाल्टी समझकर उसमें पैर डाला और भीतर गिर पड़ा. भागीरथ के परिजन का कहना है कि ये सब मासूम की मां ने देखा लेकिन वह जब तक बच्चे के पास पहुंचती, तब तक बच्चा अंदर गिर चुका था. डेरे के लोगों को इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने ग्रामीणों व पुलिस को सूचना दी थी. इसके बाद पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है.
बताया जा रहा है कि बालक 60 फिट गहराई में अटका हुआ है. प्रशासन की टीम रेस्क्यू में जुटी हुई है. सूचना मिलने पर उज्जैन कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा भी झलारियां गांव पहुंच गए थे. देर रात तक बच्चा बोरवेल में ही फंसा था और उसे निकालने के लिए पास में खुदाई आरंभ कर दी गई थी. देर रात तक खेत के आसपास तमाम लोगों जमा हो गए थे.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved