
इंदौर। पिछले कई दिनों से रोबोट तो चौराहे से गायब हो गया, अब मेट्रो के एलिवेटेड कॉरिडोर के लिए जो पिलर बनेंगे उसकी खुदाई के लिए रोबोट चौराहे पर मेट्रो कॉर्पोरेशन ने पतरे लगाकर घेरा बना लिया है, जिससे चौराहे का यातायात और बाधित होने लगा है। अब रोबोट से खजराना के बीच भी एलिवेटेड कॉरिडोर का काम चलेगा, क्योंकि उसके बाद मेट्रो का रूट अंडरग्राउंड किया गया है। हालांकि उसके लिए भी अलग से सर्वे, टेंडर की प्रक्रिया करना पड़ेगी।
अभी गांधी नगर से लेकर टीसीएस चौराहा तक 6 किलोमीटर के हिस्से में पहले मेट्रो का व्यावसायिक संचालन शुरू किया गया है, जिसे प्रायोरिटी कॉरिडोर नाम दिया। उसके बाद सुपर कॉरिडोर, विजय नगर होते हुए रेडिसन चौराहा तक 17 किलोमीटर के हिस्से में भी अब जल्द ही व्यावसायिक संचालन शुरू किया जा रहा है, जिसकी सुरक्षा मानकों की जांच के बाद मंजूरी भी मिल चुकी है। अब जिस दिन मुख्यमंत्री समय दे देंगे, उस दिन गांधी नगर से लेकर रेडिसन तक मेट्रो दौडऩे लगेगी।
पहले रेडिसन, उसके बाद रोबोट से लेकर खजराना और बंगाली से पलासिया होते हुए एमजी रोड तक मेट्रो का एलिवेटेड कॉरिडोर ही बनना था। मगर बाद में जनप्रतिनिधियों के विरोध के चलते मुख्यमंत्री ने खजराना चौराहा से ही मेट्रो को अंडरग्राउंड करने की अनुमति दी, जिसके चलते अब खजराना चौराहा तक ही एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा। उसके बाद एमजी रोड तक साढ़े 3 किलोमीटर का हिस्सा जो अंडरग्राउंड किया गया है, उसकी हालांकि अभी तक कैबिनेट से भी मंजूरी नहीं हुई है और इस पर खर्च होने वाली राशि का भी बंदोबस्त नहीं हुआ है। लिहाजा मेट्रो कॉर्पोरेशन ने एयरपोर्ट की ओर से अंडरग्राउंड रूट का काम शुरू करने के साथ-साथ रीगल, एमजी रोड, एयरपोर्ट रोड और शिवाजी मार्केट में स्टेशन बनाने का काम अवश्य शुरू कर दिया है। इधर, रोबोट से खजराना के बीच एलिवेटेड का काम भी रुका था, वह भी अब शुरू किया जा रहा है, जिसके चलते रोबोट चौराहे पर पिलर निर्माण के लिए जगह बंद कर दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved