
नई दिल्ली। ईरान (Iran) के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघर गालिबाफ (Mohammad Bagher Ghalibaf) ने देश के भीतर आंतरिक मतभेदों के दावों को सिरे से खारिज करते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) को जवाब दिया है।
गालिबाफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि ईरान पूरी तरह एकजुट है और देश में किसी तरह का आंतरिक विभाजन नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान में न कोई कट्टरपंथी है और न ही नरमपंथी, बल्कि सभी लोग खुद को ‘ईरानी’ और ‘क्रांतिकारी’ मानते हैं। उनके मुताबिक, बाहरी दबावों के बावजूद देश में सरकार और जनता के बीच मजबूत एकता बनी हुई है।
उन्होंने इस्लामी गणराज्य के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के प्रति पूर्ण निष्ठा जताते हुए कहा कि देश ‘लोहे जैसी एकता’ के साथ आगे बढ़ रहा है। गालिबाफ ने चेतावनी दी कि ईरान किसी भी हमलावर को उसके कृत्यों पर पछताने पर मजबूर कर देगा। उन्होंने कहा कि देश का रास्ता एकता, नेतृत्व और जीत का रास्ता है। यह बयान ऐसे समय आया है, जब डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान के नेतृत्व में कट्टरपंथियों और नरमपंथियों के बीच आंतरिक संघर्ष चल रहा है।
ड्रोन हमले के बाद कुवैत एयरपोर्ट पर आग
इसी बीच, कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर ड्रोन हमले के बाद आग लगने की घटना सामने आई है। कुवैत के विमानन प्राधिकरण के अनुसार, एक ड्रोन ने हवाई अड्डे के ईंधन टैंक को निशाना बनाया, जिससे आग भड़क उठी। हवाई अड्डे के प्रवक्ता अब्दुल्ला अल-राजही ने कुवैत न्यूज एजेंसी को बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक नुकसान केवल संपत्ति तक सीमित है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना के बाद तुरंत आपातकालीन प्रक्रियाएं लागू की गईं और दमकल दल समेत संबंधित एजेंसियां आग पर काबू पाने में जुट गईं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved