वाशिंगटन। भारत समेत कुछ देशों पर विवादित टिप्पणी (controversial comment) कर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald trump) अपने ही देश में आलोचना के घेरे में आ गए हैं। भारत (India) को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी (Offensive comments) पर भारतवंशी सांसद अमी बेरा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और इसे “अपमानजनक और अज्ञानता भरा” बताया है।
अमी बेरा ने कहा कि उन्हें अपनी भारतीय विरासत पर गर्व है और उनके माता-पिता बेहतर जीवन की तलाश में कानूनी रूप से अमेरिका आए थे। उन्होंने बताया कि उनकी मां ने 35 साल तक सरकारी स्कूल में पढ़ाया, जबकि उनके पिता इंजीनियर थे। उन्होंने कहा कि उन्हें बचपन से मेहनत, समाज सेवा और देश के प्रति जिम्मेदारी की सीख दी गई।
“प्रवासी अमेरिका को मजबूत बनाते हैं”
बेरा ने ट्रंप की टिप्पणी पर तीखी नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसे बयान राष्ट्रपति पद की गरिमा के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका प्रवासियों की मेहनत और योगदान से मजबूत बना है, न कि कमजोर।
“संघर्ष क्या होता है, ट्रंप नहीं जानते”
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि डोनाल्ड ट्रंप संपन्न परिवार में पैदा हुए, इसलिए उन्हें उन कठिनाइयों का अंदाजा नहीं है, जिनसे प्रवासी परिवार गुजरते हैं। बेरा के मुताबिक, जीरो से जीवन खड़ा करने के लिए जिस हिम्मत और त्याग की जरूरत होती है, उसे ट्रंप समझ नहीं पाए हैं।
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, ट्रंप ने रेडियो होस्ट माइकल सैवेज के एक पत्र को रीपोस्ट किया था, जिसमें भारत, चीन समेत कुछ देशों को “नरक जैसी जगह” बताया गया था। इस पत्र में जन्मसिद्ध नागरिकता कानून पर भी सवाल उठाए गए और प्रवासियों को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे विवाद और गहरा गया।
बढ़ते विवाद के बीच सफाई
विवाद बढ़ने के बाद अमेरिकी पक्ष की ओर से बयान आया कि ट्रंप भारत को “महान देश” मानते हैं और वहां उनके अच्छे संबंध हैं, हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया कि यह टिप्पणी कब की गई।
भारत की भी सख्त प्रतिक्रिया
इस पूरे मामले पर भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ऐसी टिप्पणियां “अज्ञानतापूर्ण, अनुचित और अभद्र” हैं और ये भारत-अमेरिका संबंधों की वास्तविकता को नहीं दर्शातीं, जो आपसी सम्मान और साझा हितों पर आधारित हैं।
इस बयान के बाद दोनों देशों के रिश्तों को लेकर एक बार फिर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved