
इंदौर। इंदौर में दोस्ती और जान-पहचान की आड़ में धोखाधड़ी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक युवक को अपने परिचित पर भरोसा करना भारी पड़ गया। आरोपी महज दो दिन के लिए स्कॉर्पियो कार मांगकर ले गया था, लेकिन डेढ़ महीने बाद भी न तो गाड़ी का पता है और न ही आरोपी का।
घटना स्कीम नंबर 136 की है, यहाँ रहने वाले अमन ने अपने परिचित नवीन दास बैरागी पर भरोसा जताते हुए अपनी सफेद रंग की स्कॉर्पियो उसे दी थी। नवीन ने 6 मार्च को यह कहकर गाड़ी ली थी कि उसे जरूरी काम है और वह महज दो दिनों में गाड़ी वापस कर देगा।दो दिन का वादा डेढ़ महीने के इंतजार में बदल गया। अमन ने जब भी नवीन से संपर्क किया, उसने टालमटोल शुरू कर दी। न तो नवीन गाड़ी लेकर आया और न ही उसने कोई संतोषजनक जवाब दिया। परेशान होकर अमन ने लसूड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जालसाजी और अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।