हैदराबाद । मलकाजगिरि पुलिस कमिश्नर सुमति (Sumathi) के एक अंडरकवर ऑपरेशन (undercover operation) ने शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चौंकाने वाली तस्वीर सामने रख दी। देर रात आम युवती बनकर सड़क पर निकलीं महिला आईपीएस अधिकारी को महज तीन घंटे में करीब 40 पुरुषों ने रोकने और बातचीत करने की कोशिश की।
जानकारी के मुताबिक मलकाजगिरि पुलिस कमिश्नर सुमति ने महिलाओं को रात में होने वाली परेशानियों और असुरक्षा की वास्तविक स्थिति समझने के लिए यह विशेष अभियान चलाया। वह साधारण कपड़ों में बिना किसी सुरक्षा घेरे के रात करीब 12:30 बजे से 3:30 बजे तक शहर के अलग-अलग इलाकों और बस स्टॉप पर मौजूद रहीं।
ऑपरेशन खत्म होने के बाद पुलिस ने सभी संदिग्ध लोगों की पहचान कर उन्हें थाने बुलाया। हालांकि किसी के खिलाफ औपचारिक मामला दर्ज नहीं किया गया, लेकिन सभी को सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। पुलिस का कहना है कि अभियान का मकसद लोगों में जागरूकता पैदा करना और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जमीनी हालात समझना था।
इस कार्रवाई के सामने आने के बाद स्थानीय महिलाओं और सामाजिक संगठनों ने पुलिस की पहल की सराहना की है। लोगों का कहना है कि ऐसे अभियान महिलाओं के प्रति समाज के व्यवहार को सामने लाने में मदद करते हैं।
बता दें कि सुमति इससे पहले भी महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर कई विशेष अभियान चला चुकी हैं। वह तेलंगाना पुलिस की वरिष्ठ अधिकारियों में गिनी जाती हैं और राज्य खुफिया विभाग में भी अहम जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved