
बिजनौर। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बिजनौर (Bijnor) जनपद के नांगल सोती गंगा घाट पर स्नान के दौरान नजीबाबाद के एक परिवार के चार सदस्य गंगा में डूब गए। इनमें 12 वर्षीय बालिका दिव्यानी को बचा लिया गया, जबकि महिला सहित तीन लोगों की तलाश जारी है। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से गंगा में तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, नजीबाबाद के मोहल्ला रम्पुरा निवासी परिवार के सदस्य दिन में करीब 12 बजे नांगल सोती गंगा घाट पर स्नान करने गए थे। इसी दौरान 22 वर्षीय डॉली उर्फ गुड़िया पत्नी अरविंद कुमार, 17 वर्षीय सूरज उर्फ छोटू पुत्र राजू सैनी, 16 वर्षीय हर्षित पुत्र प्रमोद और 12 वर्षीय दिव्यानी पुत्री संजीव गंगा में डूब गए।
दिव्यानी को बचाया, तीन की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे लोगों ने बालिका दिव्यानी को बचा लिया। वहीं, डॉली, सूरज और हर्षित का पता नहीं चल सका। गोताखोरों को गंगा में उतारकर तीनों की तलाश कराई जा रही है। डूबने वाले सभी लोग आपस में संबंधी बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी सिटी डॉ. केजी सिंह, एडीएम अंशिका दीक्षित और एसडीएम प्रशांत वर्मा मौके पर पहुंच गए। अधिकारी राहत और तलाश अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
एनडीआरएफ टीम नहीं पहुंचने पर परिजनों में रोष
घटना के करीब तीन घंटे बाद भी एनडीआरएफ या अन्य विशेष टीम को तलाश अभियान में नहीं लगाए जाने से परिजनों में नाराजगी है। परिजन तीनों की तलाश के लिए तेज प्रयास करने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल गोताखोरों की मदद से गंगा में खोजबीन जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved