
गुवाहाटी । असम में नई सरकार का शपथ ग्रहण (Swearing-in of New Government in Assam) 12 मई को होगा (Will take place on May 12) ।
असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने गुरुवार को कहा कि राज्य में भाजपा नीत एनडीए सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को गुवाहाटी के खानापारा में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। पत्रकारों से बातचीत में दिलीप सैकिया ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे खानापारा स्थित वेटरिनरी कॉलेज मैदान में शुरू होगा। कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।
सैकिया ने कहा कि नई एनडीए सरकार के गठन को लेकर गुवाहाटी समेत पूरे असम में भारी उत्साह का माहौल है। “लोग शपथ ग्रहण समारोह का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस ऐतिहासिक अवसर को देखने के लिए बड़ी संख्या में समर्थक और आम नागरिक खानापारा पहुंचेंगे।” उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 12 मई को सुबह करीब 10:15 बजे गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंच सकते हैं। वहां से वह नरेंगी हेलीपैड होते हुए कार्यक्रम स्थल जाएंगे।
दिलीप सैकिया ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के अलावा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, कई केंद्रीय मंत्री, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री तथा देशभर के वरिष्ठ भाजपा नेता भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि समारोह की तैयारियों की निगरानी पार्टी और राज्य सरकार की ओर से लगातार की जा रही है। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और अनुशासन बनाए रखने के लिए कई मंत्रियों, वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों और संगठन के नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस बीच, सैकिया ने यह भी जानकारी दी कि 10 मई को भाजपा विधायक दल और एनडीए विधायक दल की बैठकें आयोजित होंगी। इन बैठकों में जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सिह सैनी भी शामिल होंगे। इन बैठकों में नई सरकार के गठन से पहले विधायक दल के नए नेता का औपचारिक चुनाव किए जाने की संभावना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved