
इंदौर। देश में महिलाओं को राजनीतिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में केंद्र सरकार महिला आरक्षण को आगे बढ़ा रही है। इसी बीच इंदौर जिले के नगरीय निकायों के ताजा मतदाता आंकड़े महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की तस्वीर पेश कर रहे हैं। जिले की 9 नगरीय निकायों में से 6 नगर परिषदों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक दर्ज की गई है। ऐसे में आगामी चुनावों में महिलाओं की भूमिका निर्णायक मानी जा रही है।
मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर अभी तक राज्य निर्वाचन आयोग ने आधिकारिक तारीखों का ऐलान नहीं किया है। हालांकि चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। 2027 में चुनाव के कयास लगाए जा रहे है। इसके पहले मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम 7 दिनों में खत्म करना है। जिले के नगरीय निकायवार मतदाता विवरण के अनुसार नगर परिषद मानपुर, सांवेर, देपालपुर, गौतमपुरा, बेटमा और हातोद में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा है। इंदौर नगर निगम सहित कुल मतदाताओं की संख्या 20 लाख 78 हजार 873 तक पहुंच गई है। इनमें पुरुष मतदाता 10 लाख 45 हजार 650 और महिला मतदाता 10 लाख 33 हजार 129 हैं। सबसे बड़े नगरीय क्षेत्र इंदौर नगर निगम में पुरुष मतदाता अब भी अधिक हैं। यहां 9 लाख 76 हजार 833 पुरुष और 9 लाख 63 हजार 133 महिला मतदाता हैं। लेकिन नगर परिषदों के आंकड़े बदलते सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों की ओर संकेत कर रहे हैं।
उम्मीदवारों के चुनाव पर भी असर हो सकता है
विशेषज्ञों का मानना है कि महिलाओं की बढ़ती संख्या अब केवल मतदान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि चुनावी मुद्दों और उम्मीदवारों के चयन पर भी असर डालेगी। पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और महंगाई जैसे मुद्दे इस बार महिला मतदाताओं की प्राथमिकता में रह सकते हैं। राजनीतिक दल भी अब महिला वोट बैंक को साधने के लिए रणनीति बनाने में जुट गए हैं। महिला स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय स्तर पर सक्रिय महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि इंदौर जिले के नगरीय निकाय चुनावों में इस बार महिला मतदाता जीत-हार का समीकरण बदल सकती हैं।
25 मई तक जुड़वा सकेंगे नाम
इंदौर नगर निगम सहित जिले के नगरीय निकायों और पंचायतों की मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया जारी है। नागरिक 25 मई तक नाम जोडऩे, संशोधन और विलोपन के आवेदन कर सकेंगे। कलेक्टर शिवम वर्मा ने छूटे मतदाताओं से मतदान केंद्र पहुंचकर सूची में नाम जुड़वाने की अपील की है। आज से सभी कचरा गाडिय़ों में जिंगल के माध्यम से घर-घर बात पहुंचाई जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved