
भोपाल: ट्विशा शर्मा मौत मामले में फरार पति समर्थ सिंह ने अब हाई कोर्ट की शरण ली है. ट्विशा की मौत के बाद से फरार चल रहे समर्थ सिंह ने कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है. इस मामले में हाई कोर्ट जल्द सुनवाई की तारीख तय कर सकता है.
जानकारी के लिए बता दें कि ट्विशा शर्मा की मौत मामले में पति समर्थ सिंह आरोपी है. उसपर ट्विशा को प्रताड़ित करने के आरोप लगे हैं. इससे पहले समर्थ की अग्रिम जमानत अर्जी भोपाल जिला अदालत की ओर से खारिज की जा चुकी है, जिसके बाद उसने हाई कोर्ट में अपील की है.
बता दें कि ट्विशा शर्मा का आरोपी पति समर्थ अब भी फरार है. कोर्ट ने उसे 23 मई को पेश होने के दिए निर्देश दिए हैं. दूसरी ओर यह बात भी सामने आ रही है कि गिरिबाला ने ट्विशा की मौत के बाद कई जजों और प्रभावशाली लोगों को कॉल किए थे. उन्होंने एक दो नहीं, बल्कि 46 नंबरों पर कॉल किए थे. ट्विशा के पिता ने ये नंबर जारी किए हैं. ट्विशा की मौत 12 मई को हुई थी. पिता का दावा है कि 13 मई को आरोपी सास गिरिबाला सिंह ने कई जजों को फोन लगाए थे.
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने जानकारी दी है कि ट्विशा शर्मा केस में समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार कोशिश की जा रही है. समर्थ सिंह पर इनाम की राशि बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दिया गया है. जब उनसे सवाल किया गया कि क्या समर्थ सिंह विदेश भाग गया है? जवाब में संजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने लुक आउट नोटिस जारी कर दिया है और समर्थ का पासपोर्ट सस्पेंड कर दिया गया है.
गिरीबाला सिंह से अब तक पूछताछ क्यों नहीं हुई? वह अपने घर पर हैं, जो ‘प्लेस ऑफ क्राइम’ है. ऐसे में गिरिबाला सबूतों से छेड़छाड़ भी कर सकती हैं. इसपर संजय कुमार ने कहा कि नियम के मुताबिक पूछताछ होगी. कोर्ट के आदेश के बाद एमपी में बॉडी प्रिजर्वेशन के लिए जहां भी उचित व्यवस्था है उसका पता किया जा रहा है. घटना के बाद रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह ने करीब 40 से अधिक लोगों को कॉल किया था. उन नंबर को भी जांच के दायरे में रखा जा सकता है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved