
बेंगलुरु: दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया (Air India) की एक फ्लाइट के लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उतरते समय फ्लाइट AI2651 ‘टेल-स्ट्राइक’ (Tail-Strike) का शिकार हो गई. विमान का पिछला हिस्सा अचानक रनवे से टकरा गया, जिससे कुछ पल के लिए यात्रियों की सांसें अटक गईं. हालांकि, गनीमत यह रही कि पायलट ने स्थिति को संभाल लिया और लैंडिंग सुरक्षित रूप से पूरी हो गई. विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.
सूत्रों के मुताबिक ‘क्वीन ऑफ द स्काई’ कहलाने वाला एक बोईंग 747 विमान रनवे से उड़ा था, तभी एयर इंडिया की फ्लाइट को लैंड करना था. बोईंग 747 के इंजनों से पैदा हुई तेज हवा और टर्बुलेंस के कारण एयर इंडिया के पायलट को लगा कि लैंडिंग में दिक्कत हो सकती है. इसके बाद पायलट ने तय प्रक्रिया के तहत ‘गो-अराउंड’ किया, जिसके बाद ये दुर्घटना हो गई.
इस खौफनाक घटना के पीछे की मुख्य वजह ‘वेक टर्बुलेंस’ (Wake Turbulence) बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, जब एयर इंडिया का यह विमान लैंड करने वाला था, तभी उसके ठीक आगे उड़ रहे एक अन्य विमान के कारण हवा के दबाव में भारी बदलाव आया. एविएशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, आगे चल रहे विमान के पीछे हवा का जो तेज भंवर बनता है, उसके संपर्क में आने से पीछे वाले विमान का संतुलन बिगड़ सकता है. इसी टर्बुलेंस के चलते विमान का नियंत्रण प्रभावित हुआ और लैंडिंग के दौरान विमान की टेल रनवे से जा टकराई.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved