
लालसोट । पूर्व मंत्री परसादीलाल मीणा (Former Minister Parsadi Lal Meena) ने कहा कि भाजपा सरकार (BJP Government) युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में (To protect Future of Youths) पूरी तरह विफल रही (Has completely Failed) ।
उपखंड मुख्यालय स्थित संस्कृत महाविद्यालय परिसर में गुरुवार को आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक राजनीतिक रूप से पूरी तरह आक्रामक नजर आई। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने नीट पेपर लीक, महंगाई, भ्रष्टाचार, भूमाफिया और प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखे हमले किए। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण ने देशभर के लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों का भरोसा तोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार नीट परीक्षा पीड़ित विद्यार्थियों की आवाज उठा रही है और जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
परसादी लाल मीणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल बर्खास्त करने की मांग करते हुए कहा कि देश में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार जवाबदेही तय करने से बच रही है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक कराने वालों के खिलाफ आजीवन कारावास का कानून बनाया जाना चाहिए ताकि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों में भय पैदा हो। पूर्व मंत्री ने केंद्र सरकार पर मुद्रा सफारी बढ़ाने,महंगाई रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि आम आदमी महंगाई से त्रस्त है, जबकि सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है। मुद्रा स्फूर्ति को रोकने में भारत सरकार चारों खाने चित्त हो गई है।वहीं राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है और नौकरशाही बेलगाम हो गई है।
उन्होंने लालसोट का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में भूमाफिया, सट्टा माफिया और दलालों का दबदबा बढ़ गया है। 90ए के नाम पर खुलेआम लाखों रुपए की वसूली की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले जहां तीन लाख रुपए तक लिए जाते थे, अब यह रकम करोड़ों तक पहुंच गई है, उन्होंने दलाल संस्कृति पर हमला बोलते हुए कहा कि बुर्जा के पास जाओ पैसे दो काम कराओ का हाल बना हुआ है।जबकि कांग्रेस शासन में आम आदमी से इस कार्य के लिए कोई राशि नहीं ली जाती थी।
परसादी लाल मीणा ने कहा कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर केवल दिखावा कर रही है। उन्होंने हाल ही में हुए सड़क हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि अव्यवस्थित विकास और गलत योजना के कारण लोगों की जान जा रही है। कांग्रेस ने किलर चट्टान हटाई जबकि भाजपा ने विकास के नाम पर खजूर खड़े कर दिए। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग भी उठाई। साथ ही स्थानीय कर्मचारियों के तबादले कर बाहर भेजने तथा बाहरी लोगों को लालसोट में लगाने को लेकर भी सरकार को घेरा।
बैठक में कांग्रेस पर्यवेक्षक रामोतार मिरोठा ने कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आगामी नगर निकाय एवं पंचायत राज चुनावों में कांग्रेस का परचम लहराने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में प्रधान नाथूलाल मीणा, ब्लॉक अध्यक्ष दीपक पुरोहित, एडवोकेट कुंदन मिश्रा, पूर्व जिला प्रमुख सीताराम मीणा, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपक पटेल, एडवोकेट सूरज सैनी, पूर्व सरपंच जगदीश राडा, ईश्वरलाल मीणा, पूर्व पार्षद शालिनी वर्मा, कपिल पुरोहित पूर्व प्रधान सावित्री सैनी, निरंजन जोशी, विनीत स्वामी सहित अनेक कांग्रेस नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान शहजाद अली, सिराज मोहम्मद, रामनारायण सैनी, पवन व्यास, मोहन सोनी, चंद्रशेखर लखेरा,सुनील चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved