
इंदौर, विकाससिंह राठौर। इंदौर से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए बुरी खबर है। एयर इंडिया 1 जून से इंदौर से दिल्ली के बीच चलने वाली अपनी उड़ानों में बड़ी कटौती करने जा रही है। अभी जहां रूट इस रूट पर एयर इंडिया की रोजाना चार उड़ानें इंदौर से दिल्ली और चार उड़ानें दिल्ली से इंदौर संचालित हो रही हैं, वहीं 1 जून से इनमें से दो-दो उड़ानें बंद कर दी जाएंगी। यानी इस रूट पर कुल चार उड़ानें कम हो जाएंगी।
एयर इंडिया ने अपनी वेबसाइट से भी 1 जून से इंदौर दिल्ली के बीच 4 उड़ानों को हटाते हुए बुकिंग बंद कर दी है। कंपनी की वेबसाइट पर 31 मई तक दिल्ली-इंदौर और इंदौर-दिल्ली के बीच चार-चार नॉनस्टॉप उड़ानें उपलब्ध हैं। जबकि 1 जून से केवल दो-दो उड़ानें नजर आ रही है। जिन उड़ानों को बंद किया जा रहा है, वे सुबह और दोपहर की उड़ानें है। इनके बंद होने से इनमें बुकिंग करवा चुके यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। बताया जा रहा है कि इन उड़ानों के यात्रियों को कंपनी अपनी दूसरी उड़ानों में बुकिंग देने या रिफंड का विकल्प दे रही है। इन उड़ानों के बंद होने से यात्रियों के लिए इंदौर से दिल्ली के बीच यात्रा के विकल्प कम हो जाएंगे।
ईंधन हो रहा महंगा, यात्री हो रहे कम
एयर इंडिया की ओर से फिलहाल इस कटौती को लेकर कोई आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है। हालांकि एविएशन क्षेत्र से जुड़े जानकार इसे ऑपरेशनल री-अलाइनमेंट और विमान उपलब्धता से जोडक़र देख रहे हैं। वहीं विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि लगातार महंगे होते हवाई ईंधन (जेट फ्यूल) के कारण विमान संचालन की लागत बढ़ गई है। इससे टिकटों की कीमत भी बढ़ रही है। इसके कारण यात्री संख्या घट रही है। यात्रियों की कमी से एयर लाइंस को घाटा उठाना पड़ रहा है। इससे बचने के लिए ही उड़ानों को सीमित किया जा रहा है।
आठ उड़ानें फिर भी बचेंगी
इंदौर से दिल्ली के बीच अभी रोजाना 10 जाने और 10 आने वाली उड़ानों का संचालन हो रहा है। एयर इंडिया की 2-2 उड़ाने बंद होने के बाद भी इस मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए जाने और आने के लिए 8-8 अन्य उड़ानों का विकल्प उपलब्ध होगा। इनमें एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो की उड़ानें शामिल हैं। हालांकि उड़ानों के बंद होने से शेष उड़ानों में किराया बढऩे की संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही यात्रियों के लिए विकल्प भी कम होंगे।
शारजाह सहित 6 अन्य शहरों की उड़ानें पहले ही बंद
दिल्ली की उड़ानें कम होने से पहले भी इंदौर से चार शहरों की कुल आठ उड़ानें बंद हो चुकी हैं। 29 मार्च से लागू हुए समर शेड्यूल में इंडिगो में इंदौर से नासिक, उदयपुर, भुवनेश्वर और जम्मू की उड़ानों को बंद किया है, वहीं इससे पहले 28 फरवरी से युद्ध के कारण शारजाह की उड़ान भी बंद है, साथ ही स्टार एयर की गोंदिया और मुंबई की उड़ानें भी लंबे समय से बंद हैं। इन उड़ानों के बंद होने से उड़ानों का सैकड़ा लगाने वाला इंदौर 84 से 86 उड़ानों पर सिमट चुका है और दिल्ली की चार उड़ानें बंद होने से यह संख्या और कम हो जाएगी।
दिल्ली से इंदौर…कौन सी उड़ानें बंद होंगी
फ्लाइट नंबर समय स्थिति
एआई 1725 दिल्ली 05.40- इंदौर 7.15 सुबह बंद
एआई 2515 दिल्ली 12.10 – इंदौर 1.45 दोपहर बंद
एआई 1716 दिल्ली 6.40- इंदौर 8.10 रात जारी
एआई 2592 दिल्ली 2.30-इंदौर 4.05 शाम जारी
इंदौर से दिल्ली…कौन सी उड़ानें बंद होंगी
फ्लाइट नंबर समय स्थिति
एआई 2591 इंदौर 9.40-दिल्ली 11.15 सुबह बंद
एआई 2516 इंदौर 12.15-दिल्ली 13.55 दोपहर बंद
एआई 1860 इंदौर 8.00-दिल्ली 09,35 सुबह जारी
एआई 1865 इंदौर 9.00-दिल्ली 10.35 रात जारी
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved