
इंदौर। इंदौर सहित देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी है। आज सुबह एक बार फिर तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए। पिछले 9 दिनों में यह तीसरी बार है, जब पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। इन 9 दिनों में ही कीमत 5 रुपए से ज्यादा बढ़ चुकी है। लगातार बढ़ती कीमतों से आम लोगों, वाहन चालकों और परिवहन क्षेत्र पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।
इंदौर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह वासु के मुताबिक आज सुबह 6 बजे से लागू नई दरों के अनुसार इंदौर में पेट्रोल 110.76 रुपए से बढक़र 111.70 रुपए प्रति लीटर हो गया है। यानी पेट्रोल में 94 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, वहीं डीजल 95.95 रुपए से बढक़र 96.90 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। इस तरह डीजल 95 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है। स्पीड पेट्रोल के दाम भी 120.51 रुपए से बढक़र 121.45 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं।
… और बढ़ सकते हैं दाम
अमेरिका-ईरान के बीच तनाव के चलते हार्मुज स्ट्रेट से तेल के जहाजों के ना निकल पाने के कारण भारत सहित दुनिया के कई देशों में तेल की कमी हो रही है। इसके चलते कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कच्चे तेल की कीमत लगातार बढ़ रही है। विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें और बढ़ सकती है, वहीं कई स्थानों से पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरें भी आने लगी है।
ईंधन महंगा होने से बढ़ेगी महंगाई
लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। पेट्रोल और डीजल महंगा होने से माल भाड़ा, यात्री परिवहन और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी असर पडऩे की संभावना है। पेट्रोलियम कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और तेल कंपनियों पर बढ़ते दबाव के चलते यह बढ़ोतरी की जा रही है। इससे हर क्षेत्र में महंगाई की मार देखने को मिलेगी।
एक नजर ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतों पर
ईंधन 14 मई 15 मई 19 मई 23 मई कुल बढ़ोतरी
पेट्रोल 106.54 107.49 109.81 111.70 5.16
डीजल 91.93 92.86 95.02 96.90 4.97
स्पीड पेट्रोल 116.28 117.21 119.56 121.45 5.17
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved