
नई दिल्ली। साउथ फिल्म इंडस्ट्री (South Indian film industry)के सुपरस्टार राम चरण (superstar Ram Charan)इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘पेड्डी’(Peddi) के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी कड़ी में हाल ही में वह भोपाल पहुंचे, जहां फिल्म का म्यूजिक लॉन्च इवेंट आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम के दौरान एक हल्की-फुल्की लेकिन चर्चा में आ जाने वाली गलती ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
इवेंट के दौरान स्टेज पर एक रैपिड फायर सेशन रखा गया था, जिसमें राम चरण से भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ियों के बारे में सवाल पूछे गए। जब सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा और विराट कोहली के बारे में सवाल किए गए, तो राम चरण ने उनके जवाब बड़े ही सहज अंदाज में दिए। लेकिन जब बात तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की आई, तो एक्टर से एक बड़ी भूल हो गई।
राम चरण ने बुमराह को क्रिकेटर की जगह फुटबॉलर कह दिया। उन्होंने कहा कि वह बुमराह के बड़े फैन हैं और उन्हें फुटबॉल को आगे बढ़ाते हुए देखकर गर्व महसूस होता है। यह बयान जैसे ही सोशल मीडिया पर आया, तेजी से वायरल हो गया और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देने लगे।
वीडियो वायरल होने के कुछ ही घंटों बाद राम चरण को अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर बुमराह से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि नामों को लेकर कभी-कभी उनसे गलती हो जाती है और यह एक मानवीय भूल थी, जो इवेंट की भीड़ और उत्साह के बीच हो गई।
राम चरण ने अपने माफीनामे में यह भी कहा कि वह जसप्रीत बुमराह के खेल के बड़े प्रशंसक हैं और जब वह बल्लेबाजों को लगातार बैकफुट पर धकेलते हैं, तो हर भारतीय गर्व महसूस करता है। उन्होंने बुमराह के प्रति अपनी गहरी सम्मान भावना भी व्यक्त की। इस पूरे घटनाक्रम के बाद फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स ने मिश्रित प्रतिक्रियाएं दीं, जहां कुछ लोगों ने इसे एक सामान्य मानवीय भूल बताया, वहीं कुछ ने इसे हल्के-फुल्के अंदाज में लिया।
गौरतलब है कि राम चरण की फिल्म ‘पेड्डी’ का निर्देशन बुची बाबू सना कर रहे हैं। इस फिल्म में राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म में शिव राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं। यह फिल्म 4 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved