
डेस्क: बंदर अब्बास पर अमेरिकी बमबारी के जवाब में ईरान ने कुवैत पर हमला किया है. इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के मुताबिक कुवैत के अल सलेम एयरबेस पर ईरान ने हमला किया है. यह अमेरिकी सेना का बेस है. कुवैत सेना का कहना है कि बेस के आसपास के एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिव किया गया है. कुवैत ने अपने नागरिकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए कहा है.
तस्नीम समचार एजेंसी के मुताबिक गुरुवार को अमेरिकी सेना ने ईरानी समयानुसार 4.50 बजे सुबह बंदर अब्बास के पास एक ड्रोन लॉन्चर ठिकाने पर हमला किया. ईरान ने इसे युद्धविराम का उल्लंघन मानते हुए 2 घंटे बाद कुवैत पर जवाबी हमला कर दिया.
ईरान और अमेरिका के बीच अप्रैल में आधिकारिक तौर पर सीजफायर की घोषणा की गई थी. इसके बाद से दोनों देशों के बीच समझौते को लेकर बातचीत चल रही थी. इस हफ्ते फाइनल ड्राफ्ट तैयार करने के लिए ईरान के प्रतिनिधि कुवैत गए थे. इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कैबिनेट मीटिंग के बाद यह घोषणा कर दिया कि उसे किसी भी सूरत में संवर्धित यूरेनियम चाहिए. ईरान इसे देने को तैयार नहीं है.
इसके बाद अमेरिकी सेना ने बंदर अब्बास पर हमला कर दिया. अमेरिकी सेना ने बंदर अब्बास के पास 4 ड्रोन और एक ठिकाने को ध्वस्त कर दिया. ईरान इस हमले से तिलमिलाकर कुवैत पर हमला किया है. एक्सियोस के मुताबिक बंदर अब्बास के पास से होकर एक अमेरिकी व्यापारिक जहाज गुजर रहा था, जिसकी सुरक्षा अमेरिकी सेना के जिम्मे था. इस जहाज पर ईरान ने 4 ड्रोन दाग दिए, जिसे अमेरिकी सेना ने मार गिराया. इसके बाद एक लॉन्चर को भी ध्वस्त कर दिया गया. अमेरिका ने इसे रक्षात्मक कार्रवाई करार दिया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved